![]()
मई का मौसम
मई की शुरुआत में बोकारो समेत आसपास के क्षेत्रों में लोगों को भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार मई के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। राज्य के गोड्डा, साहेबगंज, पाकुर, दुमका, देवघर, गिरीडीह, धनबाद व बोकारो में कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि के साथ गर्जन, वज्रपात व आंधी (अधिकतम 50-60 किमी प्रतिघंटे) चलने की संभावना है। दूसरे सप्ताह 40 डिग्री तक चढ़ेगा तापमान मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवा चलने और वज्रपात होने की भी आशंका व्यक्त की गई है। मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में अधिक वृद्धि नहीं होगी, जिससे लोगों को उमस और तेज धूप से कुछ राहत मिलेगी। विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नमी आने और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। हालांकि मई के दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर तेज होने लगेगा और तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की अपील की गई है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए खेतों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश से लतर वाली सब्जियों को नुकसान होने की संभावना रहती है।
Source link