Last Updated:
झारखंड के गिरिडीह में गोलगप्पा-छोले खाने से 6 साल के एक बच्चे की मौत हो गई. सात गांवों के 49 लोग फूड पॉइजनिंग से बीमार हो गए. लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने छोला बेचने वाले को हिरासत में लिया है. खाद्य विभाग ने सैंपल जब्त कर जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट का इंतजार है

जहरीला गुपचुप-छोला खाने से 49 लोग बीमार (AI इमेज)
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में गोलगप्पा-छोला खाने से बड़ा हादसा हो गया. खाने में खराबी के कारण फूड प्वाइजनिंग फैल गई, जिसमें एक 6 साल के बच्चे की मौत हो गई. इस घटना से आसपास के सात गांवों में हड़कंप मच गया. कुल 49 लोग बीमार पड़ गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बीमार बच्चों में 6 साल के रंजन कुमार की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है.
लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में गोल गप्पा-छोला खाने के बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. एक-एक कर कई लोगों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत सामने आई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों का इलाज कर रही है, वहीं गंभीर मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
छोला विक्रेता हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी छोला विक्रेता ओभी लाल रजक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. वहीं, उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
फूड पॉइजनिंग का असली कारण
फूड इंस्पेक्टर डॉ. राजा कुमार ने बताया कि घटनास्थल से छोला, उबले आलू और ‘कामधेनु’ ब्रांड के संदिग्ध रंग को जब्त किया गया है. इन सैंपलों को जांच के लिए कोलकाता या रायपुर की प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि फूड प्वाइजनिंग का असली कारण क्या था. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें