Last Updated:
Medininagar New Municipal Building: पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम को 24.70 करोड़ रुपये की लागत से नया आधुनिक भवन मिलेगा. झारखंड सरकार ने 2026-27 तक निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है. इसी के साथ अब भवन की लोकेशन भी बदल जाएगी.
पलामू. झारखंड के पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नया निगम भवन मिलने जा रहा है. झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में नए नगर निगम भवन के निर्माण के लिए 24 करोड़ 70 लाख 50 हजार 200 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है. 22 जुलाई को स्वीकृति मिलने के बाद अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.
पूरी होगी जरूरी प्रक्रिया
मेदिनीनगर नगर निगम के नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल ने बताया कि नए निगम भवन के निर्माण के लिए सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है. पहले निगम कार्यालय के लिए मौजा बैरिया स्थित एक एकड़ जमीन पर भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था. उक्त भूमि पहले ही नगर निगम को हस्तांतरित की जा चुकी है. हालांकि, हाल ही में हुई नगर निगम की बैठक में वर्तमान शहर स्थित बस डिपो परिसर में भवन निर्माण को लेकर भी निर्णय लिया गया है. ऐसे में निर्माण स्थल के संबंध में जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
नगर आयुक्त ने आगे बताया कि इस परियोजना को JUIDCO के माध्यम से क्रियान्वित किया जाएगा. निर्माण एजेंसी के चयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर खुली निविदा निकाली जाएगी, जिससे पारदर्शी तरीके से कार्य आवंटित किया जा सके. भवन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) नई दिल्ली की M/s Mass N Void Design Consultants द्वारा तैयार की गई है.
आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी
उन्होंने आगे कहा कि प्रस्तावित नगर निगम भवन को पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा. भवन में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, एसी ऑफिस, बिजली व्यवस्था, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाएं, अत्याधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम, आधुनिक फर्नीचर, आकर्षक इंटीरियर, साइट डेवलपमेंट और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा. इससे निगम कर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर और सुविधाजनक वातावरण में सेवाएं मिल सकेंगी.
18 महीने के भीतर पूरी होगी योजना
बता दें कि सरकार ने इस परियोजना को 18 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इससे उम्मीद है कि मेदिनीनगर नगर निगम को जल्द ही एक आधुनिक प्रशासनिक भवन मिलेगा, जहां नागरिक सेवाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित और तकनीकी रूप से सक्षम तरीके से किया जा सकेगा. इस योजना को पहले ही विभागीय मंत्री की मंजूरी मिल चुकी थी.
इसके बाद 25 जून 2026 को राज्य योजना प्राधिकृत समिति की बैठक में भी परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई थी. अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के साथ ही निविदा प्रक्रिया शुरू होने और निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होने की संभावना है. बता दें कि नया निगम भवन मेदिनीनगर के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …
और पढ़ें