![]()
कोडरमा जिले में हाथियों का उत्पात जारी है। सोमवार सुबह मरकच्चो प्रखंड के दसारो पंचायत स्थित पुरनी बखरी गांव में शौच के लिए गई एक महिला को हाथी ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को रांची के रिम्स रेफर किया गया है। 45 वर्षीय घायल महिला की पहचान सोहवा देवी, पति मेहलाल यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पुरनी बखरी गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के पास जब महिला शौच के लिए खेतों की ओर जा रही थी, तभी झाड़ियों में छिपा एक हाथी अचानक उनके सामने आ गया। ग्रामीणों का शोर सुनकर हाथी चला गया महिला ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया। इसी दौरान उधर से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने महिला को देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का शोर सुनकर हाथी वहां से चला गया। शोर सुनकर महिला के परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल सोहवा देवी को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। कोडरमा में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ रहा है। कुछ दिनों पहले ही हाथियों ने जयनगर प्रखंड के कंझियाडीह गांव में एक ईंट भट्टे पर हमला कर एक मजदूर और एक किशोर को मौत के घाट उतार दिया था। 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ था पिछले हफ्ते भी हाथियों के झुंड ने मरकच्चो प्रखंड की पपलो पंचायत के विभिन्न गांवों में बड़े पैमाने पर आम की बागवानी को नष्ट कर दिया था। इस दौरान करीब 400 आम के पेड़ और सिंचाई के लिए उपयोग किया जाने वाला सोलर पंप सेट भी तोड़ दिया गया था, जिससे किसानों को लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। चिकित्सकों के मुताबिक हाथी के हमले से महिला के कमर की हड्डी टूट गई है। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है। उनका कहना है कि जिले में लगातार इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। बावजूद इसके वन विभाग की टीम हाथियों को भगाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है।
Source link