भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

गिरिडीह में करेंदो नदी में ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत:अवैध बालू खनन...




गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र स्थित करेंदो नदी में अवैध बालू उठाव के दौरान हुए एक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चतरुडीह थाना खुखरा निवासी 30 वर्षीय जीतन कोल के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, जीतन कोल शुक्रवार देर रात करेंदो नदी से बालू लादकर ट्रैक्टर से बाहर निकल रहे थे। नदी घाट से ऊपर चढ़ने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। बताया जाता है कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा अचानक ऊपर उठ गया, जिससे चालक जीतन कोल नीचे गिर पड़े। उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। देर रात तक जीतन के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर लगातार फोन किया। कुछ देर बाद एक राहगीर ने फोन उठाया और दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे। पीरटांड़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि करेंदो नदी से लंबे समय से अवैध बालू का उठाव जारी है। बालू लदे ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार नाबालिग और शराब के नशे में धुत चालक भी ट्रैक्टर चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। बताया गया है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जाता है और कई ट्रैक्टर जब्त भी किए जाते हैं। इसके बावजूद, बालू का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध बालू उठाव पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top