Last Updated:
Chaibasa News: झारखंड के चाईबासा से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. झींकपानी थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे ने सब्जी बेचने जा रहे ग्रामीण पर अंधाधुंध तीरों की बौछार कर दी. आरोपी की सनक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 20 तीर चलाए.

चाईबासा में सब्जी बेचने जा रहे ग्रामीण पर तीर से जानलेवा हमला.
चाईबासा. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर तीर मारकर जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव में आरोपी ने अचानक एक व्यक्ति पर तीर से हमला शुरू कर दिया. उसने एक-एक करके 20 तीर चलाये जिनमें से 3 तीर चोया बिरूली के शरीर में जा घुसे. तीर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. राह चलते लोगों ने जब पीड़ित को घायल हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलने पर झींकपानी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया. घायल व्यक्ति की स्थिति अभी भी नाजुक बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव का रहने वाला 45 वर्षीय चोया बिरूली शुक्रवार को अपने गांव से सब्जी लेकर जोड़ापोखर हाट (बाजार) में बेचने जा रहा था. वह जैसे ही रास्ते में पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे चिड़ियापहाड़ी गांव के दोपे बिरूली ने अचानक उस पर तीर से हमला शुरू कर दिया. चोया को संभलने का मौका तक नहीं मिला और आरोपी एक के बाद एक तीर छोड़ता रहा.
शरीर में धंसे रह गए तीन तीर
आरोपी ने कुल 20 तीर चलाए,जिनमें से 3 तीर चोया बिरूली के शरीर में गहरे जा धंसे. तीर लगने से लहूलुहान चोया वहीं गिर पड़ा और तड़पने लगा. रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर जब घायल अवस्था में पड़े चोया पर पड़ी, तब उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस के जरिए घायल को सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया.
अस्पताल में जिंदगी की जंग
सदर अस्पताल के डॉक्टरों की टीम चोया बिरूली के शरीर में धंसे तीरों को निकालने के लिए जटिल सर्जरी कर रही है. घायल की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने घटनास्थल से कई तीर बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में हमलावर और पीड़ित के बीच किसी पुरानी आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अब तक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.