भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

मां किचन में गिरी मिली, बेटे-बेटी बेड पर मृत…जमशेदपुर हत्याकांड का डरावना...


Last Updated:

झारखंड के जमशेदपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में टाटा स्टील के एक रिटायर्ड कर्मचारी ने पत्नी, पुत्र और गर्भवती बेटी की कुल्हाड़ी और हथौड़े से निर्मम हत्या कर दी है. अपने ही परिजनों की हत्या किए जाने की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

मां किचन में गिरी थी, बेटे-बेटी बेड पर मृत..जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर ने दहला दियाZoom

जमशेदपुर टाटा स्टील क्वार्टर में ट्रिपल मर्डर, रिश्तों के कत्ल से दहला इलाका

जमशेदपुर. टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविन्द्र प्रसाद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की कुल्हाड़ी और हथौड़े से हत्या कर दी. सोमवार सुबह टाटा स्टील क्वार्टर से तीन शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. घटना जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको रोड नंबर 2 स्थित टाटा स्टील क्वार्टर L5/13 में हुई है. हत्या सुबह करीब 6 बजे किए जाने की आशंका जताई जा रही है. अपने ही परिजनों को खत्म कर देने वाली इस ट्रिपल मर्डर की घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है.

पुलिस के अनुसार आरोपी रविन्द्र प्रसाद सिंह ने पत्नी सरिता सिंह, बेटे रवि कुमार उर्फ अभिषेक और गर्भवती बेटी सुप्रिया की हत्या भारी हथियार से सिर पर वार कर की. पत्नी का शव किचन में मिला, जबकि बेटा और बेटी अलग-अलग कमरों में बेड पर मृत पाए गए. घटनास्थल से पुलिस ने हथौड़ा और टांगी बरामद की है, जिनसे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस और टीएसपी दलबल के साथ मौके पर पहुंची और क्वार्टर को घेर लिया और पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया.

पत्नी किचन में, बेटा-बेटी बेड पर मृत मिले

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने बेटे और बेटी की हत्या उस वक्त की जब दोनों सो रहे थे, जबकि पत्नी को किचन में निशाना बनाया गया. बताया जा रहा है कि पत्नी सरिता सिंह का शव किचन के फर्श पर पड़ा मिला, जबकि पुत्र और पुत्री के शव अलग-अलग कमरों में पलंग पर मिले. तीनों की हत्या सिर पर भारी चीज से वार कर की गई. घटनास्थल से एक हथौड़ा और एक टांगी बरामद हुई है. पुलिस को शक है कि इन्हीं हथियारों से वारदात को अंजाम दिया गया. इस बीच फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है.

दिल्ली में रहने वाली बेटी की सूचना पर खुला राज

जानकारी के अनुसार, आरोपी रविन्द्र सिंह टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी हैं और उनके चार बच्चे हैं. एक बेटा और एक बेटी दिल्ली में रहते हैं, जबकि दूसरी बेटी की शादी हो चुकी है. दिल्ली में रहने वाली बेटी ने जब लगातार फोन करने के बावजूद घर से किसी का जवाब नहीं मिला तो उसने पड़ोसियों को सूचना दी. पड़ोसी जब क्वार्टर पहुंचे तो रविन्द्र सिंह ने उन्हें अंदर आने से रोक दिया और भगा दिया. इसके बाद कुछ लोग पीछे के रास्ते से दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचे, जहां तीनों के शव पड़े मिले. आरोपी रविन्द्र सिंह भी घर में घायल अवस्था में मौजूद था.

मानसिक स्थिति का हवाला, वजह अब तक साफ नहीं

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी ऋषभ त्रिवेदी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जांच में जुट गए. स्थानीय विधायक पूर्णिमा दास साहू भी मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली. दर्दनाक मंजर देखकर विधायक फूट-फूट कर रोने लगीं. एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि पूछताछ में हत्या की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है. आरोपी बार-बार अपनी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कह रहा है, लेकिन उसने हत्या का कारण स्पष्ट नहीं बताया है. इस बीच पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन रिश्तेदारों ने किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं दी है. आरोपी ने अपना मोबाइल फोन भी पुलिस को जांच के लिए नहीं दिया है. फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top