Last Updated:
Jamshedpur Sarafa Bazar: सोने की कीमतें और इंपोर्ट व एक्साइज ड्यूटी बढ़ने, साथ ही पीएम मोदी की अपील के बाद सराफा बाजार सूने हो गए हैं. जमशेदपुर के बिष्टुपुर सर्राफा बाजार का भी यही हाल है. यहां 15 से 50 प्रतिशत तक बिक्री घट गई है. लोग केवल बेहद जरूरी सोना खरीद रहे हैं.
जमशेदपुर. सोने की बढ़ती कीमतों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान के बाद देशभर के सर्राफा बाजारों में हलचल तेज हो गई है. प्रधानमंत्री द्वारा सोने की खरीद कम करने की अपील के बाद अब इसका असर छोटे शहरों से लेकर बड़े बाजारों तक साफ दिखाई देने लगा है. बिष्टुपुर सर्राफा बाजार में भी इन दिनों कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिल रहा है, जहां बाजार पहले की तुलना में काफी शांत नजर आ रहा है.
बाजार में आयी गिरावट
लोकल 18 से बातचीत करते हुए अरविंद वाडीलाल ज्वेलर्स के संचालक धर्मेश जी ने बताया कि प्रधानमंत्री के बयान का सीधा असर बाजार पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि पहले जहां ग्राहक खुलकर खरीदारी करते थे, वहीं अब लोग काफी सोच-समझकर सोना खरीद रहे हैं. बाजार में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक गिरावट देखने को मिली है.
उन्होंने बताया कि अब ज्यादातर ग्राहक पुराना सोना देकर नया गहना बनवा रहे हैं, जिससे नई बिक्री कम हो गई है और व्यापारियों की कमाई भी प्रभावित हो रही है.
लोगों के बीच पैनिक
वहीं श्री श्याम ज्वैलर्स से जुड़े आशीष ने कहा कि लोगों के बीच पैनिक जैसा माहौल बन गया है. ग्राहक अब यह तय नहीं कर पा रहे कि सोना खरीदना सही रहेगा या नहीं. ऊपर से इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के कारण कीमतों में और तेजी देखने को मिली है. उनका कहना है कि लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
केवल 10 ग्राम ही खरीद रहे हैं
सर्राफा बाजार से जुड़े जयंत जी ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है, जिनके घरों में शादी है. भारतीय परिवारों में शादी और सोने का गहरा संबंध माना जाता है, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग जरूरत के मुताबिक खरीदारी नहीं कर पा रहे. उन्होंने कहा कि जहां पहले लोग 100 ग्राम तक सोना खरीद लेते थे, वहीं अब कई परिवार सिर्फ 10 ग्राम खरीदने तक सीमित हो गए हैं.
एक्साइज ड्यूटी बढ़ने से गिरावट
व्यापारी धर्मेंद्र जी ने भी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सोने की कीमतें इतनी तेजी से बढ़ रही हैं कि आम ग्राहक पूरी तरह असमंजस में हैं. दूसरी ओर अभिषेक नाम के एक व्यापारी ने बताया कि बाजार में ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है. उनका कहना है कि 6 प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी बढ़ने के बाद बिक्री में 50 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली है.
देश हित में ही होगा
हालांकि व्यापारियों का यह भी मानना है कि प्रधानमंत्री ने जो बयान दिया है, वह देश की आर्थिक स्थिति और फॉरेन एक्सचेंज को ध्यान में रखकर ही दिया होगा. लेकिन फिलहाल सर्राफा बाजार में सुस्ती साफ दिखाई दे रही है. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि बाजार में दोबारा रौनक कब लौटेगी और आम लोगों को सोने की कीमतों से राहत कब मिलेगी.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें