Last Updated:
Jamshedpur Madhuri Mela: जमशेदपुर के साकची बाजार में पप्पू सरदार हर साल 15 मई को माधुरी दीक्षित का जन्मदिन माधुरी त्योहार के रूप में मनाते है. यहां माधुरी नाम से भव्य मेले का आयोजन किया जाता है. जहां मेले, लंगर और गरीब लड़कियों को मदद करते हैं.
जमशेदपुर: फिल्मी सितारों के प्रति लोगों की दीवानगी अक्सर देखने को मिलती है, लेकिन जमशेदपुर के साकची बाजार में रहने वाले पप्पू सरदार की दीवानगी कुछ अलग ही कहानी बयां करती है. बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दिक्षित के जबरा फैन पप्पू सरदार पिछले करीब 30 सालों से उनके जन्मदिन को किसी बड़े त्योहार की तरह मनाते आ रहे हैं. साल 1996 से शुरू हुआ यह सिलसिला आज भी उसी उत्साह और भक्ति के साथ जारी है. आइये जानते हैं उनके बारे में.
मनोहर चाट नाम से चलाते हैं दुकान
जमशेदपुर के साकची बाजार में ‘मनोहर चाट’ नाम से अपनी दुकान चलाने वाले पप्पू सरदार लोगों के बीच अपने स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए तो प्रसिद्ध हैं, लेकिन उनकी पहचान अब माधुरी दीक्षित के सबसे बड़े प्रशंसक के रूप में भी हो चुकी है. हर साल 15 मई को वह अभिनेत्री का जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाते हैं. इस बार भी उन्होंने रात ठीक 12 बजे केक काटकर जन्मोत्सव की शुरुआत की. दुकान और आसपास के इलाके को रंग-बिरंगी लाइटों और पोस्टरों से सजाया गया, जिससे पूरा माहौल किसी मेले जैसा दिखाई देने लगा.
माधुरी त्योहार दिया है इसबार नाम
इस वर्ष पप्पू सरदार ने इस आयोजन को ‘माधुरी त्योहार’ का नाम दिया है. उनका कहना है कि माधुरी दीक्षित सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं, बल्कि उनकी प्रेरणा हैं. यही कारण है कि उनका जन्मदिन वह पूरे समाज के साथ मिलकर खुशी और सेवा के रूप में मनाते हैं. 15 मई की शाम को साकची बाजार में खास मेले का आयोजन किया गया है. बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, ट्रामपोलिन और कई प्रकार के खेल लगाए गए हैं. मेले में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग प्रकार की व्यवस्थाएं भी की गई हैं. ताकि हर उम्र के लोग इस उत्सव का आनंद उठा सकें.
पप्पू सरदार का यह आयोजन सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज सेवा की भी झलक देखने को मिलती है. उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लड़कियों के बीच कपड़े, मिठाई और चूड़ियों का वितरण किया. उनका मानना है कि किसी भी खुशी का असली महत्व तभी है जब उसमें जरूरतमंद लोगों को भी शामिल किया जाए. शाम के समय विशाल लंगर का भी आयोजन किया गया है, जहां हजारों लोगों के भोजन करने की व्यवस्था की गई है. हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोग इस अनोखे आयोजन को देखने और इसमें शामिल होने पहुंच रहे हैं.
जमशेदपुर में पप्पू सरदार की यह अनोखी दीवानगी अब लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुकी है. किसी अभिनेता या अभिनेत्री के प्रति इतना समर्पण और प्रेम बहुत कम देखने को मिलता है. यही वजह है कि ‘माधुरी त्योहार’ अब शहर में एक अलग पहचान बनाता जा रहा है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें