![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो शहर के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र सिटी सेंटर में हुई चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक सोने की चेन, बाइक और मोबाइल बरामद की है। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस की कार्रवाई जारी है और मामले की गहन जांच चल रही है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र के अमरावती, नागपुर, बंगाल के आसनसोल समेत कई शहरों में लूट, चोरी और छिनतई के कई मामले दर्ज हैं। इनमें 2012 से 2025 तक के 15 गंभीर आपराधिक कांड शामिल हैं। गिरफ्तार भारत गुरुदास वासवाणी (42) ग्राम सिंधुनगर, थाना फेजरपुरा, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) का निवासी है। पूछताछ में सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार को बताया कि उसका मुख्य काम चेन स्नैचिंग करना है। वह बाइक से एक शहर से दूसरे शहर घूमते हुए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता हुआ बोकारो पहुंचा था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक कुख्यात अपराधी है। हालांकि पूछताछ में उसने किसी साथी की संलिप्तता से इनकार किया है, लेकिन पुलिस उसके बयान पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है और मामले की तह तक पहुंचने के लिए अपना सूचना तंत्र और अधिक सक्रिय कर दिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छिनी गई सोने की चेन बरामद की है। साथ ही आरोपी के पास से एक टूटी हुई सोने की चेन, काले रंग की टोपी, मुंह ढकने वाला कपड़ा, एक बाइक व एक मोबाइल जब्त किया गया है।
Source link