Last Updated:
Palamu CBSE Topper: सीबीएसई 12वीं में पलामू के डीएवी पब्लिक स्कूल, डाल्टनगंज के जयमंजस लकड़ा ने 97.2 प्रतिशत के साथ जिला टॉप किया है. उनके माता-पिता डॉक्टर हैं और जयमंजस भी आगे चलकर डॉक्टर ही बनना चाहते हैं. उन्होंने अपनी पढ़ाई की स्ट्रेटजी शेयर की.
पलामू. सीबीएसई बोर्ड की 12वीं परीक्षा में इस बार पलामू जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है. विज्ञान संकाय से डीएवी पब्लिक स्कूल, डाल्टनगंज के छात्र जयमंजस लकड़ा ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया है. खास बात यह है कि जयमंजस एक डॉक्टर परिवार से आते हैं. उनके पिता जयवंत लकड़ा और मां डॉ. एस.एस. होरो दोनों पेशे से डॉक्टर हैं. माता-पिता को लोगों की सेवा करते देख जयमंजस ने भी डॉक्टर बनने का सपना संजोया है और अब मेडिकल की तैयारी में जुट गए हैं.
परिवार का सहयोग मिला
जयमंजस ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दिया है. उन्होंने बताया कि उन्होंने घर पर रहकर सेल्फ स्टडी के जरिए तैयारी की. स्कूल के शिक्षकों का लगातार मार्गदर्शन मिला और परिवार ने हर कदम पर सहयोग किया. वे रोजाना करीब 5 से 6 घंटे पढ़ाई करते थे. उनका मानना है कि पढ़ाई में सबसे जरूरी चीज कंसिस्टेंसी होती है, जिससे सफलता जरूर मिलती है.
रिफ्रेश होने के लिए चलाते थो मोबाइल
उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान जब थकान महसूस होती थी, तो करीब एक घंटे मोबाइल चलाकर खुद को फ्रेश कर लेते थे. इसके बाद फिर पूरी ऊर्जा के साथ पढ़ाई में जुट जाते थे. जयमंजस का कहना है कि वे किसी भी चैप्टर को केवल एक बार पढ़कर नहीं छोड़ते थे, बल्कि उसे 2 से 3 बार रिवाइज करते थे, ताकि उसके सभी महत्वपूर्ण बिंदु दिमाग में अच्छी तरह बैठ जाएं. इसके अलावा वे अपने शिक्षकों से लगातार सलाह लेते थे कि किसी विषय या चैप्टर को बेहतर तरीके से कैसे पढ़ा जाए.
जयमंजस ने साइंस स्ट्रीम में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषय चुना था. इनमें बायोलॉजी उनका सबसे पसंदीदा विषय रहा. इसी विषय में उन्होंने 100 में 100 अंक हासिल किए हैं. उनका सपना है कि आगे चलकर वे एक सफल डॉक्टर बनें और समाज की सेवा करें.
ऐसे करें पढ़ाई, जरूर मिलेगी सफलता
अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए जयमंजस ने अन्य छात्रों को खास संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नियमित पढ़ाई करें और कंसिस्टेंसी बनाए रखें. हर टॉपिक का रिवीजन जरूर करें और पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र यानी पीवाईक्यू हल करना न भूलें. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई के दौरान अगर थकान महसूस हो, तो थोड़ा आराम जरूर लेना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ मन और शरीर से ही बेहतर तैयारी संभव है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें