भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

नहीं चखा होगा ऐसा दही वड़ा! मटर घुघनी और आलू मसाले से...


Last Updated:

Odisha Aloo Dum Dahi Bada In Jamshedpur: जमशेदपुर में दही वड़े के तो कई स्टॉल लगते हैं पर उड़ीसा स्पेशल आलू दम दही वड़ा कम ही जगहों पर मिलता है. इसी क्रम में जमशेदपुर के बाराद्वारी मैदान के पास इस खास डिश का स्टॉल लगता है. 40 रुपये प्लेट में स्वाद का मजा लेने लोग दूर-दूर से आते हैं.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. झारखंड के जमशेदपुर में सुबह के नाश्ते की बात हो तो लोगों की पहली पसंद अक्सर साउथ इंडियन व्यंजन बन जाते हैं. शहर के अलग-अलग इलाकों में इडली, डोसा और वडा आसानी से मिल जाते हैं और लोग इन्हें खूब पसंद भी करते हैं. लेकिन इसी बीच शहर में अब उड़ीसा का पारंपरिक और बेहद मशहूर स्वाद भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है.

दरअसल, उड़ीसा के रहने वाले पवित्र कुमार बेहरा ने जमशेदपुर के बाराद्वारी मैदान के पास अपना छोटा-सा फूड स्टॉल शुरू किया है, जहां वे उड़ीसा का प्रसिद्ध आलू दम-दही बड़ा लोगों को परोस रहे हैं. खास बात यह है कि शहर में यह स्वाद बहुत कम जगहों पर देखने को मिलता है. ऐसे में लोगों के लिए यह बिल्कुल नया और अलग अनुभव बन गया है.

नौकरी में नहीं लगा मन
पवित्र कुमार एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे. उन्होंने बताया कि नौकरी तो कर रहे थे, लेकिन उसमें वह सुकून नहीं मिल रहा था जिसकी उन्हें तलाश थी. तभी उनके मन में विचार आया कि क्यों न अपने राज्य उड़ीसा के पारंपरिक स्वाद को जमशेदपुर के लोगों तक पहुंचाया जाए. बस फिर क्या था, उन्होंने छोटा-सा सेटअप तैयार किया और अपने हाथों से आलू दम-दही बड़ा बनाना शुरू कर दिया.

40 रुपये में बेमिसाल स्वाद
उनके बनाए इस खास व्यंजन की सबसे बड़ी खासियत उसका स्वाद और परोसने का तरीका है. एक प्लेट में सबसे पहले चार छोटे-छोटे नरम दही बड़ा डाले जाते हैं. इसके ऊपर मसालेदार मटर की सब्जी और खास तरीके से तैयार किया गया आलू मसाला डाला जाता है. फिर ऊपर से प्याज और मसालों की टॉपिंग की जाती है, जिससे इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है. यह पूरी प्लेट लोगों को मात्र ₹40 में मिल रही है.

इतना ही नहीं, नाश्ता खत्म होने के बाद पवित्र, लोगों को खास तरह का दही पानी भी देते हैं, जिसे उड़ीसा में काफी पसंद किया जाता है. उनका कहना है कि यह पाचन के लिए काफी अच्छा होता है और खाने के बाद ताजगी महसूस कराता है.

दुकान खुलने के पहले लगती है लाइन
पवित्र की दुकान की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोग दुकान खुलने से पहले ही वहां पहुंचने लगते हैं. कई ग्राहक रोजाना यहां नाश्ता करने आते हैं. नाश्ता करने पहुंचे रोहित जी ने बताया कि ऐसा स्वाद उन्होंने पहले कभी नहीं चखा.

उन्होंने कहा कि यह व्यंजन खाते ही उन्हें उड़ीसा की याद आ गई और जमशेदपुर में इस तरह का स्वाद मिलना वाकई खास बात है. आज पवित्र कुमार का यह छोटा-सा प्रयास लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और शहर में उड़ीसा के स्वाद की नई पहचान बनता जा रहा है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top