Last Updated:
Jalore Saint Tapasya : राजस्थान के जालौर में भीषण गर्मी और जलती अग्नि के बीच संत शक्ति नाथ की कठोर तपस्या इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. 42 डिग्री तापमान में उपलों की आग के बीच साधना कर रहे संत के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. शिव शक्ति धूणा पर भजन-कीर्तन और भक्तिमय माहौल के बीच यह तपस्या धर्म रक्षा, एकता और क्षेत्र की खुशहाली का संदेश दे रही है.
जालौर : राजस्थान की भीषण गर्मी… 42 डिग्री का पारा… और चारों ओर जलती अग्नि के बीच संत शक्ति नाथ की कठोर तपस्या इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. नारणावास-जागनाथ रोड स्थित शिव शक्ति धूणा पर संत शक्ति नाथ उपलों की जलती अग्नि के बीच लगातार साधना में लीन हैं. तेज धूप, तपती हवाएं और आग की लपटें भी उनकी एकाग्रता और आस्था को जरा भी विचलित नहीं कर पा रही हैं.
इस अद्भुत तपस्या को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं. महिलाएं, बुजुर्ग और युवा रोजाना शिव शक्ति धूणा पर आकर दर्शन कर रहे हैं और अपने परिवार व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं. पूरा परिसर इन दिनों भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि इतनी भीषण गर्मी और अग्नि के बीच लगातार बैठकर साधना करना किसी सामान्य व्यक्ति के लिए संभव नहीं है. लोग इसे संत शक्ति नाथ की आध्यात्मिक शक्ति, तप और अटूट श्रद्धा का प्रतीक मान रहे हैं.
अग्नि तप में संत शक्ति नाथ, धर्म रक्षा का संकल्प
वहीं, तपस्या स्थल पर भजन-कीर्तन का दौर भी लगातार जारी है. दिनभर श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आते हैं और स्थानीय लोग व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं, जिससे यहां आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. अग्नि के बीच संत शक्ति नाथ की तपस्या, उद्देश्य – धर्म की रक्षा और क्षेत्र की खुशहाली….एक स्थानीय निवासी ने लोकल 18 को बताया कि, संत शक्तिनाथ महाराज ये तपस्या इसलिए कर रहे हैं कि हमारा हिंदू धर्म हमेशा संगठित रहे और हमारे जालोर क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहे. वो चाहते हैं कि समाज में एकता बनी रहे और सभी लोग धर्म के रास्ते पर चलें.
शक्ति नाथ की तपस्या बनी आस्था और एकता का संदेश
संत शक्ति नाथ की यह तपस्या केवल एक साधना नहीं, बल्कि समाज को एकजुट रहने और आस्था के प्रति समर्पित रहने का संदेश भी दे रही है. यही कारण है कि दिन-ब-दिन यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है और हर कोई इस अनोखी तपस्या का साक्षी बनना चाहता है.
About the Author
A Delhi University graduate with a postgraduate Diploma in Journalism and Mass Communication, I work as a Content Editor with the Rajasthan team at News18 India Digital. I’m driven by the idea of turning raw in…और पढ़ें