भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Today Weather Live | Aaj Ka Mausam Live | बस 3 दिन...


Aaj Ka Mausam Live: मई के महीने में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान लोगों को मौसम विभाग की तरफ से दो-दो राहत भरी खबर मिली है. दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र में 45 से 47 डिग्री की भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मोहाल कर रखा है. यूपी के बांदा में तो इस साल गर्मी ने सारे रिकॉर्ड ही तोड़ डाले हैं. आलम यह है कि दोपहर आते-आते मानो लोग अपने घरों में ही कैद हो जाते हैं और सड़कों पर जैसे कर्फ्यू लग जाता है. हालात कि गंभीरता का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि दिन तो दिन अब तो रातें भी खूब गर्म रहने लगी हैं, जिसने कई लोगों की नींद तक छीन रखी है. ऐसे में भारत मौसम विभाग विभाग यानी IMD ने दो-दो गुड न्यूज दी है. एक तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की तैयारी में है. आईएमडी के मुताबिक अगले 48 से 72 घंटों में मानसून दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कुछ और इलाकों में दस्तक दे सकता है. वहीं जम्मू-कश्मीर के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि 28 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. इसके असर से महीने के आखिर तक तापमान में 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है.

हालांकि इसके साथ ही आईएमडी ने 25 मई के लिए कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी भी जारी की है. मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 27 मई तक भीषण हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.

दिल्ली में आज चरम पर रहेगी गर्मी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 25 मई को गर्मी अपने चरम पर रहने वाली है. आईएमडी के अनुसार दिल्ली में 24 से 27 मई तक हीटवेव चलने की संभावना है. कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहेगा.

हालांकि राहत की खबर यह है कि 28 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलेगा. तेज हवाएं, हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी हवाएं और उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है.

यूपी-उत्तराखंड में लू के साथ आंधी-बारिश भी

उत्तर प्रदेश में मौसम का दोहरा असर देखने को मिलेगा. पूर्वी यूपी में 24 से 26 मई तक गंभीर लू चलने की चेतावनी है. वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और आसपास के इलाकों में तापमान 46 डिग्री तक जा सकता है. पश्चिमी यूपी में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी. रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति बनी रह सकती है.

महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी देश का सबसे गर्भ प्रदेश रिकॉर्ड किया गया.

इसके साथ ही 28 और 29 मई को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तराखंड में 25 मई से मौसम बदलने लगेगा. देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चमोली जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है.

बिहार-झारखंड में उथल-पुथल वाला मौसम

बिहार में 25 मई को मौसम काफी उथल-पुथल वाला रहेगा. राज्य के कई हिस्सों में तेज गर्मी और लू जारी रहेगी, जबकि उत्तरी और पूर्वी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है. पटना, गया, औरंगाबाद और नवादा जैसे इलाकों में तापमान 44 डिग्री के पार जा सकता है. वहीं किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और सुपौल में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है.

झारखंड में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. रांची, बोकारो, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में गर्म हवाओं का असर बना रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 48 घंटे बेहद भारी बारिश वाले रह सकते हैं. आईएमडी ने असम और मेघालय में बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. गुवाहाटी, शिलांग, डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया जैसे इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं.

वहीं नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है. कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.

दक्षिण भारत में मानसून की आहट

केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक के तटीय इलाकों में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो गई हैं. 25 मई को केरल और माहे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

अगले 48 से 72 घंटों में मानसून दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कुछ और इलाकों में दस्तक दे सकता है.

रायलसीमा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चल सकती है. कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

राजस्थान, पंजाब और मध्य भारत में लू का कहर

राजस्थान में 30 मई तक भीषण गर्मी का दौर जारी रह सकता है. पश्चिमी राजस्थान में ‘सीवियर हीटवेव’ की चेतावनी है. जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है. धूलभरी आंधी का भी खतरा बना हुआ है.

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी लू का असर अगले चार दिनों तक जारी रहेगा. मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण गर्मी के साथ गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी.

समुद्री इलाकों में अलर्ट

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं और ऊंची लहरों का खतरा बना हुआ है. केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप तट पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

आईएमडी के मुताबिक अगले कुछ दिनों में मानसून की रफ्तार और तेज होगी. हालांकि देश के बड़े हिस्से को फिलहाल भीषण गर्मी, आंधी और भारी बारिश तीनों का सामना करना पड़ेगा.

मौसम पूर्वानुमान की खास बातें…

देश में मानसून की ताजा स्थिति क्या है?
दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है. अगले 2-3 दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.

किन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है?
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

सबसे ज्यादा बारिश कहां होने की संभावना है?
24 मई को असम और मेघालय में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यहां बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है.

किन राज्यों में हीटवेव का सबसे ज्यादा खतरा है?
राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार, झारखंड और तेलंगाना में लू और गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है.

पश्चिमी विक्षोभ का क्या असर पड़ेगा?
28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे तापमान में 3 से 8 डिग्री तक गिरावट और बारिश की संभावना बढ़ेगी.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top