Last Updated:
गर्मी के मौसम में घर को ठंडा और हरा-भरा बनाए रखने के लिए रबर प्लांट अच्छा विकल्प माना जाता है. यह इनडोर प्लांट घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ हवा को साफ रखने में भी मदद करता है. कम देखभाल में आसानी से बढ़ने वाला यह पौधा गर्मियों में घर और बालकनी दोनों के लिए शानदार विकल्प बन रहा है.
बहराइच: गर्मी के मौसम में लोग राहत पाने के लिए तरह-तरह के उपाय करते हैं. इन उपायों में एक बेहतर तरीका घर में हरे-भरे पौधे लगाना भी है. इससे न सिर्फ आपका घर सुंदर दिखता है, बल्कि आसपास का वातावरण भी ठंडा बना रहता है. इसके लिए आप कुछ खास किस्म के इनडोर प्लांट चुन सकते हैं. खासकर रबर प्लांट को घर में गमले में लगाकर इसका फायदा उठाया जा सकता है.
खास है यह इनडोर प्लांट, घर की सुंदरता में लगा देता है चार चांद
अगर आप अपने घर के लिए ऐसा पौधा ढूंढ रहे हैं, जो दिखने में बेहद खूबसूरत हो और जिसकी देखभाल करना भी आसान हो, तो इनडोर प्लांट में रबर प्लांट को शामिल कर सकते हैं. यह अपनी सुंदर पत्तियों और खास रंग के लिए जाना जाता है. घर में इस पौधे को लगाकर हरियाली और ठंडक दोनों का एहसास मिलता है. इसे गमले या क्यारी में आसानी से लगाया जा सकता है.
इस खास रबर प्लांट को लगाने के कई फायदे
रबर प्लांट सिर्फ घर की खूबसूरती ही नहीं बढ़ाता, बल्कि इसके कई और फायदे भी हैं. यह हवा को साफ करने में मदद करता है. इसकी देखभाल भी ज्यादा नहीं करनी पड़ती और न ही रोज पानी देने की जरूरत होती है. गर्मियों में इसे 2 से 3 दिन में एक बार पानी देना काफी होता है. पानी देने से पहले गमले या जिस जगह पौधा लगा हो, वहां की मिट्टी छूकर जरूरत के हिसाब से पानी देना चाहिए.
इस पौधे को लगाने से और भी कई फायदे
वास्तु शास्त्र के अनुसार इसे सही दिशा, यानी दक्षिण-पूर्व में रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि आती है. यही वजह है कि कई लोग इसे घरों में लगाना पसंद करते हैं. इसे घर के आंगन से लेकर बालकनी तक कहीं भी आसानी से लगाया जा सकता है.
इस पौधे को स्वस्थ रखने के लिए रखें इन बातों का ध्यान
रबर प्लांट को सीधी धूप में नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इससे पौधे को नुकसान हो सकता है. इसे घर की ऐसी जगह रखें, जहां अच्छी और छनी हुई रोशनी आती हो. जरूरत पड़ने पर ग्रीन नेट की मदद से भी छाया की जा सकती है. इसके अलावा इसकी पत्तियों पर समय-समय पर धूल जम जाती है, इसलिए सफाई करते रहना भी जरूरी है. यह पौधा नर्सरी में आसानी से मिल जाता है. इसकी कीमत करीब 150 रुपये से शुरू होती है. अगर आप बहराइच जिले में इसे खरीदना चाहते हैं तो शहर में मरी माता मंदिर के सामने स्थित मुख्तार की नर्सरी से इसे आसानी से खरीद सकते हैं.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें