Last Updated:
आज भी कई किसान पारंपरिक तरीके से खेती करते हैं, जिससे उन्हें ज्यादा मुनाफा नहीं मिल पाता. अब किसान बाजार की मांग को देखते हुए नई और आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहे हैं, ताकि कम लागत में बेहतर उत्पादन और अच्छी कमाई हो सके.
बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के चंदनक्यारी प्रखंड स्थित भिस्की गांव के किसान रंजन शर्मा स्मार्ट खेती के जरिए अच्छी आमदनी कर रहे हैं. उन्होंने महज 50 डिसमिल जमीन पर भिंडी की खेती कर डेढ़ महीने में चार गुना से अधिक मुनाफा कमाया है. उनकी सफलता आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है.
आधुनिक तरीके से खेती
किसान रंजन शर्मा ने बताया कि वह पेशेवर किसान हैं और बचपन से ही अपने परिवार को खेती करते देख रहे हैं. परिवार की इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने आधुनिक तरीके से खेती शुरू की.
मार्च महीने में भिंडी की बुवाई
रंजन शर्मा ने बताया कि मार्च महीने में भिंडी की बुवाई की गई थी. भिंडी की फसल किस्म के अनुसार 45 से 60 दिनों में तैयार हो जाती है, जिससे किसानों को कम समय में अच्छी कमाई का मौका मिलता है.
17 हजार रुपये की लागत
रंजन शर्मा के अनुसार 50 डिसमिल जमीन में भिंडी की खेती करने में करीब 17 हजार रुपये की लागत आई. किसान करीब दो महीने तक भिंडी की तुड़ाई कर सकते हैं और पूरे सीजन में 40 से 50 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं.
भिंडी 20 रुपये प्रति किलो
उन्होंने बताया कि फिलहाल बाजार में भिंडी 20 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है. वह अपनी अधिकतर सब्जियां धनबाद के कोलियरी इलाकों और आसपास के बाजारों में बेचते हैं. 40 क्विंटल उत्पादन होने पर किसान लगभग 80 हजार रुपये तक की आमदनी कर सकते हैं. लागत निकालने के बाद करीब 63 हजार रुपये तक का शुद्ध मुनाफा हो सकता है.
बेहतर पैदावार के साथ अच्छी कमाई
रंजन शर्मा ने बताया कि भिंडी की खेती में कीट लगने और फल टेढ़ा होने की समस्या अक्सर सामने आती है. इससे बचाव के लिए समय-समय पर दवा का छिड़काव जरूरी है. उनका कहना है कि सही देखभाल और आधुनिक तकनीक अपनाकर किसान बेहतर पैदावार के साथ अच्छी कमाई कर सकते हैं.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें