Last Updated:
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व को कर्नाटक के नामित मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के नेतृत्व में बनने वाले राज्य के नए मंत्रिमंडल की संरचना को लेकर अभी तक कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है. खरगे ने यह भी संकेत दिया कि मंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और प्रमुख नियुक्तियों पर फैसला तीन जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के बाद विचार-विमर्श के आधार पर ही किया जाएगा.
डी के शिवकुमार तीन जून को कर्नाटक के सीएम पद की शपथ लेंगे. (फाइल फोटो)
बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डी के शिवकुमार और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया एक जून को दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मुलाकात करेंगे एवं मंत्रिमंडल गठन पर चर्चा करेंगे. सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी. मंत्रिमंडल में शामिल होने और उपमुख्यमंत्री पद पाने के लिए होड़ तेज हो गई है. इस सिलसिले में कुछ नेता शिवकुमार से मुलाकात कर रहे हैं, जबकि कई अन्य सिद्धारमैया के संपर्क में हैं. सूत्रों के अनुसार, एम बी पाटिल, दिनेश गुंडू राव और मधु बंगारप्पा जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने शिवकुमार के आवास पर उनसे मुलाकात की. सूत्रों ने बताया कि शरण प्रकाश पाटिल, राघवेंद्र हितनाल और बसनागौड़ा दद्देष सहित कांग्रेस विधायक भी पार्टी नेतृत्व से मिलने के लिए दिल्ली जा रहे हैं.
कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद तीन जून को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं. कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद शिवकुमार ने लोक भवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने तथा अन्य मंत्रियों के साथ सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया. शपथ ग्रहण समारोह तीन जून को शाम 4.05 बजे लोक भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा.
पार्टी सूत्रों ने बताया, “शिवकुमार और सिद्धारमैया सोमवार को दिल्ली जा रहे हैं, जहां वे कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करेंगे और शपथ ग्रहण समारोह, मंत्रिमंडल गठन, विभागों के आवंटन और पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष समेत संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे.” जब पत्रकारों ने शिवकुमार से पूछा कि उनके साथ कितने मंत्री शपथ लेंगे, तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता. पार्टी आलाकमान जो भी फैसला करेगा, वही होगा. मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता.”
मंत्री पदों को लेकर जोर आजमाइश ऐसे समय जारी है, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व नए मंत्रिमंडल के गठन या उपमुख्यमंत्री पदों के सृजन से संबंधित कोई प्रस्ताव अभी नहीं मिला है. कलबुर्गी में पत्रकारों से बातचीत में खरगे ने कहा, “अभी कोई प्रस्ताव नहीं मिला है. प्रस्ताव आने के बाद इस पर चर्चा होगी कि कितने मंत्री और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने चाहिए तथा इस पर भी कि क्या महत्वपूर्ण अध्यक्ष पदों को भी इसके साथ भरा जाना चाहिए.” उन्होंने कहा कि पार्टी को अभी तक मंत्रिमंडल के आकार और संरचना के संबंध में कोई औपचारिक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है और संकेत दिया कि मंत्रिमंडल का गठन चरणबद्ध तरीके से किया जा सकता है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें