![]()
रांची| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें एपिसोड की शुरुआत रांची में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता 2026 की उपलब्धियों के जिक्र से की। उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स की सराहना करते हुए कहा कि भारत के एथलीट अब वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महज दो दिनों के भीतर तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटा। पीएम मोदी ने इसे खिलाड़ियों के बीच ‘जुगलबंदी’ जैसा बताते हुए कहा कि एक खिलाड़ी चुनौती देता है और दूसरा उसे स्वीकार कर उससे आगे निकल जाता है। रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में चार अलग-अलग स्पर्धाओं में चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने थे। प्रधानमंत्री ने गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार को बधाई दी। धावक गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर दौड़ 10.09 सेकंड में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। वहीं, अनिमेष कुजूर ने भी शानदार प्रदर्शन कर रिकॉर्ड की इस प्रतिस्पर्धा को रोचक बना दिया। प्रधानमंत्री ने गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से सीधा संवाद भी किया। अनिमेष ने बताया कि शुरुआत में एथलेटिक्स चुनने को लेकर झिझक थी, लेकिन अब उन्हें विश्वास है कि भारतीय एथलीट भी 100 मीटर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड बना सकते है।
Source link