भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

पर्यावरण परिवार के 100 सदस्य 12 साल से पौधे लगा रहे




भास्कर न्यूज | गढ़वा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को लेकर कार्यरत पर्यावरण परिवार पिछले 12 वर्षों से लगातार पौधारोपण, पौधों का वितरण और जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। संस्था ने अब तक 600 से अधिक स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। लगभग 100 सदस्यीय पर्यावरण परिवार ने स्कूलों, कॉलेजों, मंदिर परिसरों, तालाबों के किनारों, जंगल क्षेत्रों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में पौधारोपण कराया है। संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। पर्यावरण परिवार द्वारा लगाए गए पौधों की सफलता का उदाहरण देवगाना उच्च विद्यालय में छह वर्ष पूर्व लगाए गए पौधे हैं, जो आज बड़े वृक्षों का रूप ले चुके हैं। ये वृक्ष न केवल विद्यालय परिसर की सुंदरता बढ़ा रहे हैं, बल्कि विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण भी प्रदान कर रहे हैं। यह संस्था की सतत निगरानी और संरक्षण प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। संस्था पिछले एक दशक से अधिक समय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पर्यावरण जागरूकता अभियान भी चला रही है। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को वृक्षों के महत्व, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यही कारण है कि संस्था के अभियान से लगातार नए लोग जुड़ रहे हैं और हर वर्ष पौधारोपण का दायरा बढ़ता जा रहा है। इस वर्ष पर्यावरण परिवार ने बड़े स्तर पर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। संस्था का उद्देश्य लगभग पांच हजार पौधे लगाने का है। इसके लिए अधिकांश स्थानों का चयन और चिह्नांकन भी किया जा चुका है। इस अभियान में मुख्य रूप से नीम, जामुन, कहुआ, करंज, अमलतास, अमरूद और पीपल जैसे पर्यावरण एवं मानव जीवन के लिए उपयोगी वृक्ष लगाए गए हैं। ये वृक्ष न केवल छाया और स्वच्छ वायु प्रदान करेंगे, बल्कि जैव विविधता को भी बढ़ावा देंगे। पर्यावरण संरक्षण समाज का सबसे बड़ा दायित्व : अध्यक्ष पर्यावरण परिवार के अध्यक्ष डॉ. पातंजली केसरी व संयोजक नितिन कुमार तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। पर्यावरण परिवार का यह अभियान समाज के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त जनआंदोलन का रूप ले रहा है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top