Last Updated:
Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशियों की ओर से नामांकन के साथ दाखिल किए गए आधिकारिक शपथपत्रों से उनकी आर्थिक स्थिति, शौक और व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी कई बड़ी जानकारियां सामने आईं हैं. इस चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के कुल 10 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में पर्चा भरा है, जिनमें भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और राजद के डॉ . सुनील कुमार सिंह सबसे ज्यादा चर्चा में हैं.
पवन सिंह की 20 करोड़ की संपत्ति, राजद के सुनील सिंह को हथियारों का शौक
पटना. बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन के साथ उम्मीदवारों की ओर से दाखिल शपथपत्रों ने उनकी संपत्ति और आर्थिक स्थिति की तस्वीर भी सामने रख दी है. उम्मीदवारों में कोई करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति का मालिक है तो कोई सीमित संसाधनों और विरासत में मिली जमीन के सहारे राजनीति में सक्रिय है. शपथपत्रों में नकदी, बैंक बैलेंस, वाहन, आभूषण, जमीन-जायदाद और लंबित मुकदमों तक की जानकारी दी गई है.
पवन सिंह के पास 20 करोड़ की संपत्ति पर नकद सिर्फ 50 हजार
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशी बनाए गए भोजपुरी फिल्मों के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह की कुल संपत्ति ने सबको चौंका दिया है. हलफनामे के अनुसार पवन सिंह के पास संपत्ति के नाम पर नकद राशि तो सिर्फ 50 हजार रुपये है, लेकिन उनकी कुल चल और अचल संपत्ति लगभग 20 करोड़ रुपये की है. इसके साथ ही उनके पास लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी हैं. पवन सिंह के व्यक्तिगत जीवन से जुड़ा एक और दिलचस्प तथ्य उनके शपथपत्र में सामने आया है. उन्होंने अपनी पत्नी ज्योति सिंह से जुड़े सभी कॉलम में ‘पता नहीं’ (Not Known) दर्ज किया है. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने हलफनामे में खुद को मैट्रिकुलेशन (10वीं/12वीं) पास बताया है और उन पर चुनावी तौर पर कोई गंभीर आपराधिक दोषसिद्धि दर्ज नहीं है.
राजद प्रत्याशी सुनील सिंह को हथियारों का शौक
महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर मैदान में उतरे बिस्कोमान अध्यक्ष डॉ . सुनील कुमार सिंह अपनी संपत्ति के साथ-साथ अपने खास शौक के लिए सुर्खियों में हैं. चुनावी हलफनामे के अनुसार डॉ. सुनील सिंह के पास एक डीबीबीएल गन और एक रिवॉल्वर भी है. उनकी कुल चल संपत्ति 6.46 करोड़ रुपये है, जबकि अचल संपत्ति की कीमत लगभग 4.41 करोड़ रुपये आंकी गई है. गाड़ियों के काफिले में उनके पास मारुति एस्टीम और हुंडई ब्रांड की कारें शामिल हैं. शैक्षणिक योग्यता के लिहाज से सुनील कुमार सिंह काफी उच्च शिक्षित हैं और उनके पास पीएचडी की डिग्री है. राजनीतिक आंदोलनों के सामान्य मुकदमों को छोड़ दिया जाए तो उनके खिलाफ भी कोई गंभीर आपराधिक मामला लंबित नहीं है.
निशांत के पास 4.63 करोड़ की संपत्ति
उम्मीदवार निशांत ने अपनी कुल संपत्ति लगभग 4.63 करोड़ रुपये बताई है. इसमें 1.96 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 2.67 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. उनके पास हुंडई और किया कंपनी की कारें हैं. अचल संपत्ति में 1.06 करोड़ रुपये की संपत्ति स्वयं अर्जित बताई गई है, जबकि 1.61 करोड़ रुपये की संपत्ति विरासत में मिली है. शपथपत्र के अनुसार उनके पास नालंदा के कल्याणबीघा और पटना में जमीन तथा फ्लैट मौजूद हैं.
एनडीए के अन्य उम्मीदवारों का लेखा-जोखा
बीजेपी के अन्य उम्मीदवारों में डॉ . संजय मयूख लगातार तीसरी बार परिषद की दहलीज पर हैं. उच्च शिक्षित संजय मयूख का रिकॉर्ड पूरी तरह स्वच्छ है. वहीं जमीनी कार्यकर्ताओं को मौका देते हुए बीजेपी ने नाई समाज से आने वाले स्नातक अनिल कुमार ठाकुर और कुम्हार समाज की साक्षर शीला पंडित को मैदान में उतारा है, दोनों पर कोई आपराधिक मामला नहीं है. जेडीयू ने महिला और अत्यंत पिछड़ा वर्ग को साधते हुए स्नातक पास भारती मेहता और साक्षर शिवरानी देवी प्रजापति को भी सदन भेजा है. इसके अलावा शेखपुरा के वरिष्ठ नेता ललन प्रसाद भी जेडीयू की ओर से निर्विरोध चुने गए हैं.
भारती मेहता के पास 19 हजार नकद, 52 लाख का एफडी
उम्मीदवार भारती मेहता ने अपने शपथपत्र में बताया है कि उनके पास मात्र 19 हजार रुपये नकद हैं. हालांकि उनके पास 52 लाख रुपये का फिक्स्ड डिपॉजिट है. उनके नाम एक इनोवा कार दर्ज है. इसके अलावा आवासीय और कृषि योग्य भूमि भी है. आभूषणों की बात करें तो उनके पास 620 ग्राम सोना और 750 ग्राम चांदी है. साथ ही 1.20 लाख रुपये का डिजिटल गोल्ड भी है. उन्होंने 4.60 लाख रुपये मूल्य के हीरे और करीब दो लाख रुपये मूल्य के नीलम व पुखराज जैसे रत्न होने की जानकारी दी है.
ललन प्रसाद के पास सिर्फ एक बाइक, विरासत में मिली जमीन
उम्मीदवार ललन प्रसाद की संपत्ति अन्य प्रत्याशियों की तुलना में काफी कम है. उनके पास वाहन के नाम पर केवल एक बाइक है, जिसे उन्होंने वर्ष 2007 में खरीदा था. इसके अलावा उनके पास कोई अन्य वाहन नहीं है. शपथपत्र के अनुसार उनके दो बचत खाते हैं. एक खाते में 2.14 लाख रुपये जमा हैं जबकि दूसरे खाते में कोई राशि नहीं है. उनकी कुल चल संपत्ति 5.60 लाख रुपये है. वहीं 14.90 लाख रुपये की अचल संपत्ति विरासत में मिली कृषि भूमि के रूप में दर्ज है. उनके पास लगभग एक लाख रुपये मूल्य के आभूषण हैं, जिनमें सोने की अंगूठी भी शामिल है.
निर्विरोध जीत की ओर बढ़े सभी 10 उम्मीदवार
लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (LJP-RV) की ओर से चिराग पासवान के करीबी और स्नातक पास अशरफ अंसारी ने पर्चा भरा है, जिन पर कोई गंभीर केस नहीं है. इस बार बिहार विधान परिषद की 9 सामान्य और 1 उपचुनाव सीट को मिलाकर कुल 10 सीटों के लिए केवल 10 ही नामांकन प्राप्त हुए हैं. सीटों की संख्या के बराबर प्रत्याशी होने के कारण चुनावी इतिहास में यह तय हो चुका है कि सभी उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है. किसी भी प्रत्याशी के बीच कोई सीधा मुकाबला नहीं होने की वजह से मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें