![]()
भास्कर न्यूज|गुमला जिला पेंशनर समाज की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष महेश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से गत 10 मई को रांची में आयोजित राज्यस्तरीय बैठक में पारित प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान लीलांबर साहू और पुरुषोत्तम वैद्य ने बताया कि रांची की बैठक में केंद्र सरकार के वैलिडेशन एक्ट का पुरजोर विरोध किया गया है और इसे तत्काल रद्द करने की मांग की गई है। इस एक्ट को निरस्त कराने के लिए देश भर में सांसदों से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा जाएगा और सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। समाज के सचिव महावीर प्रसाद मिश्र ने बैठक में जानकारी दी कि झारखंड सरकार ने केंद्र के समतुल्य 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) देने की घोषणा तो कर दी है, लेकिन इसके लिए अब तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। इस पर वरिष्ठ पेंशनधारक चंद्र नाथ प्रसाद सहित अन्य सदस्यों ने गहरा रोष व्यक्त किया। पेंशनरों ने सरकार से मांग की है कि इस आशय की अधिसूचना अविलंब जारी कर महंगाई राहत का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पेंशनर समाज को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सर्वसम्मति से महिला विंग का गठन किया गया। इसमें निम्नलिखित पदाधिकारियों को चुना गया: संरक्षक : मेझरेन मिंज, अध्यक्ष : कोरोलिना एक्का, सचिव : प्रमिला कुमारी, कोषाध्यक्ष : ब्रिजिट कांति टोप्पो। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महेश प्रसाद गुप्ता ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा, किसी भी संगठन की महिला इकाई उसकी रीढ़ (मेरुदंड) होती है। आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे हैं। जिला पेंशनर समाज को अपनी महिला विंग से अपेक्षानुरूप सक्रियता और मजबूती की पूरी उम्मीद है। इस बैठक में संगठन का दायरा बढ़ाते हुए रामकिशोर भगत, वासु भगत, शैलेश प्रसाद यादव, यशोदा कुजूर और झरीयो देवी ने समाज की सदस्यता ग्रहण की। उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से इन सभी का स्वागत किया। बैठक में जिला मुख्यालय समेत विभिन्न प्रखंडों से आए समाज के कई प्रतिनिधि और पेंशनभोगी उपस्थित थे।
Source link