West Bengal Politics Live: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस इस वक्त अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रही है. चुनावी हार के बाद शुरू हुई अंदरूनी कलह अब खुली बगावत में बदलती दिखाई दे रही है. राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे ने पार्टी नेतृत्व की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. इससे पहले भी कई सांसद और विधायक नेतृत्व के खिलाफ खुलकर नाराजगी जता चुके हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में और बड़े चेहरे पार्टी छोड़ सकते हैं. ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले कई नेता और सेलिब्रिटी चेहरे भी असंतुष्ट बताए जा रहे हैं. इस बीच पार्टी को बचाने के लिए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी लगातार सियासी डैमेज कंट्रोल में जुटे हैं. सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकातों ने भी बंगाल की राजनीति में नए समीकरणों की अटकलें तेज कर दी हैं.
TMC में बढ़ती टूट के बीच कांग्रेस में विलय की चर्चाओं ने भी राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया. हालांकि TMC और कांग्रेस दोनों ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज किया है. जयराम रमेश ने सोनिया गांधी और ममता बनर्जी की मुलाकात को सिर्फ सौहार्दपूर्ण बातचीत बताया, जबकि TMC नेताओं ने विलय की खबरों को ‘बेबुनियाद’ कहा. दूसरी ओर बाबुल सुप्रियो ने भी बयान जारी कर साफ किया कि वह अपनी पार्टी और वर्तमान नेतृत्व के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान करना लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है और वह राज्य सरकार के साथ मिलकर अपने क्षेत्र के विकास पर काम करते रहेंगे. लेकिन लगातार इस्तीफों और बागी गतिविधियों ने साफ कर दिया है कि TMC के भीतर संकट अभी खत्म नहीं हुआ है.
TMC सांसद प्रकाश चिक बराइक के राज्यसभा से इस्तीफे को पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. वह अपना इस्तीफा उपराष्ट्रपति को सौंपने पहुंचे हैं. इससे पहले भी कई नेताओं के इस्तीफे और बगावती तेवर सामने आ चुके हैं. सूत्रों के मुताबिक पार्टी के भीतर असंतोष लगातार गहरा रहा है और कई नेता भविष्य की राजनीतिक संभावनाएं तलाश रहे हैं.
पार्टी के भीतर टूट को रोकने के लिए ममता बनर्जी रणनीति बनाने में जुटी हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि TMC नेतृत्व अब कानूनी और तकनीकी आधार पर बागी नेताओं की गतिविधियों को चुनौती देकर समय हासिल करने की कोशिश कर सकता है. माना जा रहा है कि लोकसभा स्पीकर के सामने बागी गुट के दस्तावेजों और हस्ताक्षरों की वैधता पर सवाल उठाए जा सकते हैं.
इसी बीच TMC के कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में हैं. डेरेक ओ’ब्रायन, डोला सेन, समीरुल इस्लाम, सागरिका घोष और बाबुल सुप्रियो जैसे नेता फिलहाल पार्टी के साथ दिखाई दे रहे हैं. लेकिन बंगाल की राजनीति में जिस तेजी से घटनाक्रम बदल रहे हैं, उसने ममता बनर्जी के लिए आने वाले दिनों को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया है.
TMC Crisis Live: TMC सांसद सौगत रॉय बोले- कांग्रेस के साथ काम करना जरूरी
West Bengal Politics Live: कांग्रेस और TMC के संभावित गठबंधन या विलय की चर्चाओं के बीच TMC सांसद सौगत रॉय का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा, ‘हमारे लिए कांग्रेस के साथ काम करना जरूरी है’ फिलहाल मैं इतना ही कह सकता हूं. आगे देखा जाएगा कि गठबंधन होता है या विलय.’ उनके इस बयान के बाद बंगाल की राजनीति में अटकलें और तेज हो गई हैं.
West Bengal Politics Live: सिग्नेचर फर्जीवाड़ा केस में अभिषेक बनर्जी को अंतरिम राहत
TMC Crisis Live: कलकत्ता हाई कोर्ट ने सिग्नेचर फर्जीवाड़ा मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को बड़ी राहत देते हुए तीन हफ्तों तक गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण दे दिया है. हालांकि कोर्ट ने जांच में सहयोग करने और जांच एजेंसी के सामने पेश होने के निर्देश भी दिए हैं.
TMC Crisis Live: हस्ताक्षर जालसाजी केस में TMC की कलह खुलकर सामने आई, आमने-सामने कल्याण बनर्जी और अभिषेक
West Bengal Politics Live: कोलकाता के हस्ताक्षर जालसाजी मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है. सूत्रों के मुताबिक सांसद अभिषेक बनर्जी के कथित अहंकारी रवैये से नाराज होकर वरिष्ठ वकील कल्याण बनर्जी ने खुद को इस केस से अलग कर लिया है. वहीं कलकत्ता हाई कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी को राहत देने से इनकार करते हुए उन्हें आज ही भवानी भवन स्थित CID कार्यालय में पेश होने का सख्त निर्देश दिया है.
West Bengal Politics Live: TMC में बढ़ी बगावत, प्रसून बनर्जी भी ‘काकोली ग्रुप’ में शामिल
TMC Crisis Live: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में जारी सियासी बगावत लगातार गहराती जा रही है. बुधवार तक ममता बनर्जी के साथ खड़े दिख रहे लोकसभा सांसद प्रसून बनर्जी ने अब बागी सांसदों के ‘काकोली ग्रुप’ का दामन थाम लिया है. जानकारी के मुताबिक प्रसून बनर्जी ने संसद में अलग गुट को मान्यता दिलाने की मांग वाले पत्र पर अपने हस्ताक्षर भी कर दिए हैं. TMC के भीतर सक्रिय बागी गुट अब लोकसभा में खुद को अलग ब्लॉक के तौर पर मान्यता दिलाने की कोशिश में जुटा है. सूत्रों के अनुसार इस गुट में अब तक प्रसून बनर्जी समेत 20 लोकसभा सांसद शामिल हो चुके हैं, जबकि ममता बनर्जी के खेमे में केवल 8 सांसद बचे बताए जा रहे हैं. बागी गुट लगातार अन्य सांसदों को भी अपने साथ जोड़ने में लगा है. हावड़ा से लगातार तीसरी बार सांसद बने प्रसून बनर्जी खेल और राजनीति दोनों क्षेत्रों में बड़ा नाम माने जाते हैं.
TMC Crisis Live: MLA सिग्नेचर फर्जीवाड़ा केस में अभिषेक बनर्जी को हाई कोर्ट का नोटिस
West Bengal Politics Live: कलकत्ता हाई कोर्ट ने TMC सांसद अभिषेक बनर्जी को MLA सिग्नेचर फर्जीवाड़ा मामले में आज शाम 6 बजे जांच एजेंसी के सामने पेश होने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने कहा कि अभिषेक बनर्जी को कथित फर्जी दस्तावेज पेश करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच एजेंसी को दस्तावेज कानूनी प्रक्रिया के तहत सर्च और सीजर के जरिए हासिल करने होंगे.
West Bengal Politics Live: TMC संकट के बीच बाबुल सुप्रियो बोले- मैं पार्टी और नेतृत्व के साथ
TMC Crisis Live: पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के बाद TMC में जारी सियासी उथल-पुथल के बीच राज्यसभा सांसद बाबुल सुप्रियो ने बड़ा बयान जारी किया है. उन्होंने कहा कि मीडिया लगातार उनसे पूछ रहा है कि वह किस खेमे में हैं, जिससे वह थक चुके हैं. सुप्रियो ने साफ कहा कि वह पूरी तरह अपनी पार्टी और वर्तमान नेतृत्व के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने जो जनादेश दिया है, उसका सम्मान करना लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है और इसी भावना के तहत वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और राज्य सरकार के साथ तालमेल बनाकर अपने संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. गौरतलब है कि अब तक TMC के तीन राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे चुके हैं और कई अन्य नेताओं के भी पार्टी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं.
TMC Crisis Live: TMC में फिलहाल बचे ये 10 प्रमुख नेता
West Bengal Politics Live: TMC में फिलहाल बचे ये 10 प्रमुख नेता-
- डेरेक ओ’ब्रायन
- डोला सेन
- समीरुल इस्लाम
- राजीव कुमार
- मेनका गुरुस्वामी
- सागरिका घोष
- बाबुल सुप्रियो
- नदीमुल हक
- कोयल
- ममता बाला ठाकुर
West Bengal Politics Live: TMC सांसद प्रकाश चिक ब्रेक ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा
TMC Crisis Live: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक ब्रेक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. जानकारी के मुताबिक वह अपना इस्तीफा उपराष्ट्रपति को सौंपने के लिए रवाना हो चुके हैं और सुबह 11 बजे उनकी मुलाकात तय है. बराइक के इस्तीफे के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है.
TMC Crisis Live: TMC में टूट रोकने के लिए ममता के पास क्या रास्ते
West Bengal Politics Live: TMC में संभावित टूट और बागी नेताओं के बढ़ते दबाव के बीच ममता बनर्जी के सामने पार्टी को बचाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक पार्टी नेतृत्व लोकसभा स्पीकर को यह समझाने की कोशिश कर सकता है कि बागी गुट द्वारा जमा किए गए हस्ताक्षर कानूनी रूप से त्रुटिपूर्ण हैं या गलत तरीके से हासिल किए गए हैं. माना जा रहा है कि अगर सत्यापन प्रक्रिया को तकनीकी विवादों में उलझाया गया, तो ममता बनर्जी को बागी नेताओं को अलग-थलग करने और स्थिति संभालने के लिए अहम समय मिल सकता है.
West Bengal Politics Live: TMC-कांग्रेस विलय की अटकलों पर जयराम रमेश क्या बोले
TMC Crisis Live: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोनिया गांधी और ममता बनर्जी की हालिया मुलाकात को लेकर चल रही विलय की अटकलों को ‘पूरी तरह गलत’ बताया है. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात बेहद सौहार्दपूर्ण रही और इसमें लंबे रिश्तों के चलते कई निजी मुद्दों पर बातचीत हुई. जयराम रमेश ने X पर पोस्ट कर कहा, ‘मुलाकात में क्या हुआ, इसे लेकर चल रही कुछ खबरें पूरी तरह गलत हैं.’
TMC Crisis Live:कांग्रेस में विलय की अटकलों को TMC ने किया खारिज
West Bengal Politics Live: तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कांग्रेस में संभावित विलय की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया है. पार्टी सूत्रों ने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव या योजना नहीं है. एक वरिष्ठ TMC नेता ने इन खबरों को ‘बेबुनियाद’ बताते हुए कहा, ‘हमें ऐसी किसी जानकारी का पता नहीं है. ये खबरें पूरी तरह निराधार हैं.’
West Bengal Politics Live: क्या TMC बचा पाएगी अपना किला?
TMC Crisis Live: लगातार इस्तीफों, बगावत और कांग्रेस से बढ़ती नजदीकियों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ममता बनर्जी टीएमसी को टूटने से बचा पाएंगी या बंगाल की राजनीति में नया समीकरण बनने जा रहा है.
TMC Crisis Live: NDA में शामिल होने की चर्चाओं से हलचल
West Bengal Politics Live: सूत्रों का दावा है कि कुछ बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर NDA में शामिल होने की इच्छा जताई है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खबरों ने बंगाल की राजनीति गरमा दी है.
West Bengal Politics Live: कांग्रेस में विलय के संकेत?
TMC Crisis Live: राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल में कमजोर पड़ती स्थिति के बीच टीएमसी अब कांग्रेस के साथ गठबंधन के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर सकती है. पिछले 14 साल में ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है. हालांकि एक चर्चा ये भी है कि कांग्रेस में TMC का विलय हो सकता है.
TMC Crisis Live: 5 साल बाद सोनिया गांधी से मिलीं ममता
West Bengal Politics Live: ममता बनर्जी ने दिल्ली में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से मुलाकात की. करीब 50 मिनट चली इस बैठक ने राजनीतिक अटकलों को और तेज कर दिया है. इसे टीएमसी-कांग्रेस रिश्तों में नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
West Bengal Politics Live: राहुल गांधी से अभिषेक की मुलाकात पर नजर
TMC Crisis Live: टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी की राहुल गांधी से मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है. दोनों नेताओं के बीच INDIA गठबंधन और विपक्षी एकजुटता को लेकर लंबी बातचीत हुई है.
TMC Crisis Live: सुष्मिता देव के इस्तीफे से बढ़ा दबाव
West Bengal Politics Live: राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव के इस्तीफे ने टीएमसी को बड़ा झटका दिया है. उन्होंने कहा कि वह ‘दो नावों पर सवार’ नहीं रहना चाहतीं. इससे पहले सुखेंदु शेखर रॉय भी पार्टी छोड़ चुके हैं.
West Bengal Politics Live: देव, शताब्दी और सयानी जैसे चेहरे चर्चा में
TMC Crisis Live: टीएमसी के संकट में सबसे ज्यादा चर्चा उन सेलिब्रिटी नेताओं की हो रही है जिन्हें ममता बनर्जी ने खुद राजनीति में उतारा था. देव, शताब्दी रॉय, सयानी घोष, जून मालिया और यूसुफ पठान जैसे नाम लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं.
TMC Crisis Live: लोकसभा में भी टूट के संकेत
West Bengal Politics Live: लोकसभा में टीएमसी के कई सांसदों के बागी गुट के संपर्क में होने की खबरें हैं. बताया जा रहा है कि कुछ सांसदों ने अलग रणनीति बनाने के लिए बातचीत शुरू कर दी है, जिससे पार्टी की चिंता बढ़ गई है.
West Bengal Politics Live: 58 विधायक बागी खेमे में शामिल होने की चर्चा, सांसदों भी दिखाए बागी तेवर
TMC Crisis Live: सूत्रों के मुताबिक टीएमसी के 58 से ज्यादा विधायक पार्टी लाइन से अलग जाकर ऋतब्रता बनर्जी के समर्थन में खड़े दिखाई दे रहे हैं. इससे विधानसभा में पार्टी नेतृत्व की पकड़ कमजोर पड़ती नजर आ रही है. अब सांसदों ने भी ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.