CJP protest Live: दिल्ली का जंतर-मंतर आज एक अलग तरह के प्रदर्शन का गवाह बनने जा रहा है. सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके सुबह दिल्ली पहुंच गए और आते ही समर्थकों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन संविधान की मर्यादा में रहकर होगा. दीपके ने लोगों से किताब और तिरंगा लेकर आने की अपील की है. साथ ही पुलिसकर्मियों को फूल देने की भी बात कही गई है. प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा NEET, CUET, CBSE और SSC GD जैसी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियां और पेपर लीक हैं. CJP लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है.
अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मैं दिल्ली पहुंच चुका हूं. जंतर-मंतर पर आप सभी से मिलने का इंतजार है. अपने साथ एक किताब और तिरंगा जरूर लेकर आएं. पुलिसकर्मियों को सम्मान और करुणा के प्रतीक के रूप में फूल दें. हमें इस आंदोलन को प्यार और शांति के साथ आगे बढ़ाना है.’ पार्टी का दावा है कि लाखों छात्र परीक्षा विवादों और सिस्टम की खामियों से परेशान हैं. इसी मुद्दे को लेकर आज राजधानी में बड़ा जमावड़ा देखने को मिल सकता है.
कॉकरोच जनता पार्टी का यह प्रदर्शन उसका पहला बड़ा ऑन-ग्राउंड आंदोलन माना जा रहा है. पार्टी का कहना है कि देश के करोड़ों छात्रों का भविष्य लगातार प्रभावित हो रहा है और सरकार जवाबदेही से बच रही है. CJP समर्थक ‘पीसफुल प्रोटेस्ट’ और ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगा रहे हैं. दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षा बढ़ा दी है और जंतर-मंतर के आसपास अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं. पार्टी ने समर्थकों को साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहें और अगर कोई उपद्रव करने की कोशिश करे तो उसका वीडियो बनाकर पुलिस को दें.
CJP protest Live: जंतर-मंतर की बजाय दिल्ली में घूमते रहे अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक CJP संस्थापक अभिजीत दिपके एयरपोर्ट से नई दिल्ली जिले में पहुंच चुके हैं, लेकिन जंतर-मंतर जाने के बजाय वह अपनी गाड़ी से रकाबगंज गुरुद्वारा और कनॉट प्लेस इलाके में घूमते रहे. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति केवल जंतर-मंतर पर दी गई है, ऐसे में उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
Cockroach Janta Party Protest Live: दिल्ली पुलिस ने CJP को ‘वन टाइम एक्सेप्शन’ में दी अनुमति
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दे दी है. पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा. दिल्ली पुलिस ने साफ कहा है कि यह अनुमति ‘वन टाइम एक्सेप्शन’ यानी एक बार के विशेष अपवाद के तौर पर दी गई है.
CJP protest Live: CJP के प्रदर्शन में शामिल होंगे सोनम वांगचुक
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होंगे. 59 वर्षीय वांगचुक ने पहले ही X पर पोस्ट कर इसका ऐलान किया था. उन्होंने लिखा था, ‘अगर हम नहीं, तो कौन? अगर अभी नहीं, तो कब?’ वांगचुक ने कहा था कि अगर 5 जून तक हालात नहीं बदले तो वह 6 जून को दिल्ली में CJP के प्रदर्शन में शामिल होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी स्थिति बिगड़ने पर किसी भी स्वाभिमानी मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि इसका असर लाखों युवाओं और देश के भविष्य पर पड़ता है.
Cockroach Janta Party Protest Live: एयरपोर्ट पर अभिजीत और GMR टीम के बीच बहस
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: सूत्रों के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट पर CJP संस्थापक अभिजीत दिपके की GMR टीम के साथ काफी देर तक बहस हुई. बताया जा रहा है कि अभिजीत एयरपोर्ट पर VIP ट्रीटमेंट की मांग कर रहे थे और उन्होंने अपनी गाड़ी अंदर लाने की डिमांड भी की. सूत्रों के अनुसार जब तक गाड़ी अंदर नहीं पहुंची, तब तक वह बाहर निकलने को तैयार नहीं हुए. हालांकि उन्हें VIP EXIT की अनुमति नहीं मिली.
CJP protest Live:दिल्ली एयरपोर्ट पर ऐसे दिखे CJP संस्थापक अभिजीत दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार को प्रस्तावित जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली पहुंचे. एयरपोर्ट से सामने आई पहली तस्वीरों में वह डॉ. भीमराव आंबेडकर की आत्मकथा की कॉपी हाथ में लिए नजर आए. दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत ने समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने और प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने की अपील की.

Cockroach Janta Party Protest Live: मेट्रो सेवा सामान्य रहेगी
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: सुरक्षा अलर्ट के बीच दिल्ली मेट्रो सेवा सामान्य रूप से चलती रहेगी. स्पेशल ब्रांच की टीमें हर जिले में एक्टिव हैं और पूरे प्रदर्शन पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके.
CJP protest Live: Ola-Uber बुकिंग और सोशल मीडिया पर भी नजर
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस Ola, Uber और दूसरी प्राइवेट टैक्सी कंपनियों के संपर्क में है. जंतर-मंतर रूट पर अचानक बढ़ रही राइड बुकिंग पर नजर रखी जा रही है. वहीं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी तेज कर दी गई है ताकि प्रदर्शन की आड़ में कोई माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके.
Cockroach Janta Party Protest Live: CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली हाई अलर्ट पर, धर्मेंद्र प्रधान के घर की सुरक्षा बढ़ी
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: दिल्ली में आज कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के ऐलान से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के घर के बाहर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है. इलाके में सुरक्षा का वॉकथ्रू किया गया और घर के बाहर निगरानी बढ़ा दी गई है. प्रदर्शन के मद्देनजर 40 कंपनियां पैरामिलिट्री फोर्स की तैनात की गई हैं. दिल्ली के कई जिलों के ज्वाइंट CP, DCP, एडिशनल DCP और ACP स्तर के अधिकारी ड्यूटी पर मौजूद हैं.
CJP protest Live: जंतर-मंतर पर 1000 से ज्यादा भीड़ नहीं जुट सकती
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट निर्देश है कि जंतर-मंतर पर कुल मिलाकर 1000 से ज्यादा लोगों की भीड़ इकट्ठा नहीं हो सकती. इसी नियम के तहत CJP को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी गई है. इस दौरान आयोजकों को कानून और सुरक्षा से जुड़े कई दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं. वहीं इमिग्रेशन और दिल्ली पुलिस की पूछताछ प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोनम वांगचुक भी दिल्ली हवाई अड्डे पहुंच चुके हैं.
Cockroach Janta Party Protest Live: जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की सख्त शर्तें
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक जंतर-मंतर पर कानून के तहत करीब 1000 लोगों को ही प्रदर्शन की अनुमति दी जाती है. इससे ज्यादा लोगों के जुटने की इजाजत नहीं है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी गई है. पुलिस ने अनुमति देते समय आयोजकों को कई नियमों और कानूनी शर्तों की औपचारिक जानकारी भी दी है. अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रदर्शन तय दिशा-निर्देशों के तहत ही आयोजित करना होगा.
CJP protest Live: एयरपोर्ट पर अभिजीत से पूछताछ
कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर प्रदर्शन लाइव: अभिजीत इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर पहुंचे, जहां उनकी इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी की गई. सभी दस्तावेजों की जांच के बाद उनके पासपोर्ट पर भारत वापसी की इमिग्रेशन स्टैंप लगाई गई. सूत्रों के मुताबिक इमिग्रेशन पूरा होते ही दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने अभिजीत से पूछताछ शुरू कर दी. इसके बाद उन्हें इमिग्रेशन ऑफिस ले जाया गया, जहां दिल्ली पुलिस और विभिन्न एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी लगातार उनसे सवाल-जवाब कर रहे हैं. सूत्र यह भी बता रहे हैं कि अभिजीत के जल्द एयरपोर्ट से बाहर आने की संभावना कम है. अगर पुलिस उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं हुई तो उन्हें हिरासत में भी लिया जा सकता है, हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
Cockroach Janta Party Protest Live: सैकड़ों लोगों के जुटने की उम्मीद
कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन लाइव: पार्टी की प्रवक्ता विजेता दहिया ने कहा कि प्रदर्शन में ‘कुछ सौ लोगों’ के शामिल होने की उम्मीद है. सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुए इस संगठन के लिए यह पहला बड़ा सार्वजनिक प्रदर्शन माना जा रहा है.
CJP protest Live: दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलने का दावा
CJP protest Live: CJP ने दावा किया है कि उसे प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति मिल गई है. पार्टी प्रवक्ताओं के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर अभिजीत दिपके से मुलाकात की थी, जिसके बाद प्रदर्शन की रूपरेखा तय हुई. इसी कारण प्रदर्शनकारियों से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन की बजाय सीधे जंतर-मंतर आने को कहा गया.
Cockroach Janta Party Protest Live: सुबह 10 बजे शुरू होगा प्रदर्शन
CJP protest Live: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने ऐलान किया है कि उसका प्रदर्शन शुक्रवार सुबह 10 बजे से दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू होगा. पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके ने X पर पोस्ट करते हुए समर्थकों से सीधे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा.