Last Updated:
सफेद शर्ट और सनग्लास पहने सीएम विजय चलती बस में बैठे दिखे, जबकि उनके साथ आए मंत्री पास ही खड़े थे. एक वीडियो में वे कंडक्टर से लंबी बातचीत करते हुए नजर आए. दूसरे वीडियो में वे उसके साथ फोटो खिंचवाते दिखे, जिससे आस-पास के लोग मुस्कुरा उठे. स्टाफ से बातचीत जारी रखने से पहले उन्होंने ड्राइवर के कंधे पर प्यार से थपकी भी दी.
सीएम विजय ने 300 नई बसों का उद्घाटन किया और फिर खुद बस में सवार हो गए.
चेन्नई. आमतौर पर मुख्यमंत्री या बड़े नेता जब कहीं निकलते हैं, तो उनके साथ लंबा-चौड़ा काफिला, सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी तामझाम नजर आता है. लेकिन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और लोकप्रिय अभिनेता थलापति विजय ने कुछ ऐसा किया, जिसने लोगों को हैरान भी किया और प्रभावित भी. इन दिनों सोशल मीडिया पर विजय का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने सरकारी काफिले से अलग होकर एक साधारण सरकारी बस में सफर करते दिखाई दे रहे हैं. खास बात यह रही कि बस में बैठने के बाद उन्होंने एक आम यात्री की तरह कंडक्टर से टिकट खरीदा और उससे बातचीत भी की.
दरअसल, मुख्यमंत्री विजय ने हाल ही में राज्य के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में शामिल की गई 300 नई बसों को हरी झंडी दिखाई. उद्घाटन कार्यक्रम के बाद जब उनका काफिला बसों के साथ आगे बढ़ रहा था, तभी उन्होंने एक बस में सवार होकर कुछ दूरी तक यात्रा करने का फैसला किया. बस में सफर के दौरान विजय ने न सिर्फ टिकट खरीदा, बल्कि कंडक्टर से आत्मीयता के साथ बातचीत भी की. उन्होंने कंडक्टर की पीठ थपथपाई, उसे अपने पास बैठाया और उसके कामकाज के बारे में जानकारी ली. यही नहीं, उन्होंने बस चालक से भी बातचीत की और परिवहन व्यवस्था से जुड़े अनुभव साझा किए.
इस दौरान बस में मौजूद यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर लिया. देखते ही देखते ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। लोग मुख्यमंत्री के इस सहज और जमीन से जुड़े व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं. राजनीति में आने से पहले थलापति विजय तमिल सिनेमा के सबसे लोकप्रिय सितारों में से एक रहे हैं. अभिनेता के तौर पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग पहले से थी, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उनका आम लोगों से जुड़ाव लगातार चर्चा में बना हुआ है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय का यह कदम सिर्फ एक प्रतीकात्मक यात्रा नहीं थी, बल्कि जनता के बीच यह संदेश देने की कोशिश भी थी कि सत्ता में आने के बाद भी वह आम लोगों की समस्याओं और जीवनशैली को समझना चाहते हैं. तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सत्ता में पहुंचे विजय अब केवल फिल्मी पर्दे के नायक नहीं रहे, बल्कि जनता के बीच भी एक ऐसे नेता की छवि बनाने में जुटे हैं जो सीधे लोगों से संवाद करना पसंद करता है. बस यात्रा का यह छोटा सा सफर इसी छवि को और मजबूत करता दिखाई दे रहा है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें