राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में कुछ नाम ऐसे हैं जिनकी उम्मीद पहले से थी, कुछ ऐसे हैं जो संगठन में लंबे समय से काम कर रहे थे और कुछ ऐसे हैं जिनके चयन के पीछे साफ राजनीतिक संदेश छिपा है. सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा की हो रही है, जिन्हें आखिरकार राज्यसभा का टिकट मिल गया. वही पवन खेड़ा, जिन्होंने पिछली बार टिकट नहीं मिलने पर कहा था कि शायद उनकी तपस्या में कोई कमी रह गई होगी.
कांग्रेस ने कर्नाटक से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया है. वहीं मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, राजस्थान से नीरज डांगी, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा को मैदान में उतारा है. इन नामों से कांग्रेस ने संगठन, सामाजिक संतुलन और क्षेत्रीय राजनीति को साधने की कोशिश की है.
पवन खेड़ा: लंबी प्रतीक्षा के बाद मिला राज्यसभा का टिकट
इस सूची का सबसे चर्चित नाम पवन खेड़ा का है. पिछले कई वर्षों से कांग्रेस का पक्ष मीडिया और टीवी डिबेट्स में मजबूती से रखने वाले खेड़ा पार्टी के सबसे मुखर चेहरों में गिने जाते हैं. 2024 में जब राज्यसभा की सूची आई थी और उनका नाम उसमें नहीं था, तब उन्होंने एक भावुक टिप्पणी करते हुए कहा था कि शायद उनकी तपस्या में कोई कमी रह गई होगी. उस बयान की काफी चर्चा हुई थी. पार्टी के भीतर भी माना जाता था कि खेड़ा लंबे समय से राज्यसभा के दावेदार हैं.
अब कांग्रेस ने उन्हें कर्नाटक से राज्यसभा भेजने का फैसला कर संकेत दिया है कि संगठन के लिए लगातार काम करने वालों को आखिरकार सम्मान मिलता है. राहुल गांधी और खड़गे नेतृत्व के करीबी माने जाने वाले खेड़ा अब संसद के भीतर कांग्रेस की आवाज बन सकते हैं.
मल्लिकार्जुन खरगे: अध्यक्ष की संसद में वापसी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो रहा था. पार्टी ने उन्हें एक बार फिर कर्नाटक से उम्मीदवार बनाकर साफ कर दिया है कि आने वाले वर्षों में भी वे कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में बने रहेंगे. 84 वर्ष की उम्र में भी खड़गे विपक्ष की राजनीति के सबसे महत्वपूर्ण चेहरों में हैं. संसद के भीतर सरकार को घेरने से लेकर INDIA गठबंधन को एकजुट रखने तक, उनकी भूमिका लगातार बढ़ी है. कांग्रेस नेतृत्व मानता है कि राज्यसभा में खड़गे की मौजूदगी पार्टी के लिए जरूरी है. यही वजह है कि उनकी उम्मीदवारी लगभग तय मानी जा रही थी.
मंसूर अली खान: अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व का संदेश
कर्नाटक से कांग्रेस ने मंसूर अली खान को भी टिकट दिया है. उनका चयन केवल एक नेता को राज्यसभा भेजने का फैसला नहीं माना जा रहा, बल्कि इसके पीछे सामाजिक और राजनीतिक संदेश भी है. कांग्रेस लंबे समय से खुद को अल्पसंख्यकों की आवाज बताती रही है. कर्नाटक में पार्टी की मजबूत सरकार होने के बावजूद उसे अपने पारंपरिक वोट बैंक को लगातार साथ बनाए रखने की जरूरत है. मंसूर अली खान को टिकट देकर कांग्रेस ने मुस्लिम समुदाय को प्रतिनिधित्व देने का संदेश दिया है. साथ ही यह फैसला उस समय आया है जब विपक्ष लगातार प्रतिनिधित्व और सामाजिक भागीदारी के मुद्दे उठा रहा है.
मीनाक्षी नटराजन: राहुल गांधी की भरोसेमंद सहयोगी
मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन को टिकट मिलना भी खास माना जा रहा है. कांग्रेस की पूर्व सांसद और संगठन में लंबे समय से सक्रिय मीनाक्षी को राहुल गांधी के करीबी नेताओं में गिना जाता है. वे उन नेताओं में हैं जिन्होंने चुनावी हार-जीत से परे संगठन के लिए लगातार काम किया. भारत जोड़ो यात्रा और उसके बाद के कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही. मध्य प्रदेश में कांग्रेस लंबे समय से मजबूत नेतृत्व की तलाश कर रही है. ऐसे में मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेजना संगठन के प्रति समर्पण को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है.
नीरज डांगी: राजस्थान में संतुलन साधने की कोशिश
राजस्थान से कांग्रेस ने मौजूदा सांसद नीरज डांगी पर फिर भरोसा जताया है. डांगी अशोक गहलोत खेमे के भरोसेमंद नेताओं में माने जाते हैं और पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने संसद में भी सक्रिय भूमिका निभाई है. राजस्थान कांग्रेस लंबे समय से गुटबाजी से जूझती रही है. ऐसे में किसी नए चेहरे को लाने के बजाय डांगी को दोबारा मौका देकर पार्टी ने स्थिरता का संदेश दिया है. यह फैसला यह भी दिखाता है कि कांग्रेस फिलहाल राजस्थान में किसी नए विवाद से बचना चाहती है.
प्रवीण चक्रवर्ती: राहुल गांधी के ‘डेटा मैन’ को मौका
तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती का नाम सबसे अलग माना जा रहा है. वे पारंपरिक अर्थों में जननेता नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस की रणनीतिक टीम में उनकी अहम भूमिका रही है. प्रवीण चक्रवर्ती को राहुल गांधी की आर्थिक और डेटा आधारित रणनीतियों का प्रमुख वास्तुकार माना जाता है. भारत जोड़ो यात्रा से लेकर चुनावी घोषणापत्र तैयार करने तक, कई महत्वपूर्ण योजनाओं में उनकी भूमिका रही है. कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा भेजकर यह संकेत दिया है कि पार्टी अब केवल जनाधार वाले नेताओं को ही नहीं, बल्कि नीति और रणनीति बनाने वाले पेशेवर चेहरों को भी महत्व दे रही है.
प्रणव झा: झारखंड में संगठन को मजबूत करने का प्रयास
झारखंड से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया गया है. राज्य में कांग्रेस झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन में है और वहां अपनी संगठनात्मक स्थिति मजबूत करना चाहती है. प्रणव झा लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं. उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला कांग्रेस के उस प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है जिसमें पार्टी राज्यों में दूसरी पंक्ति के नेतृत्व को आगे बढ़ाना चाहती है. झारखंड में कांग्रेस का स्वतंत्र राजनीतिक आधार सीमित है, इसलिए संगठन के समर्पित नेताओं को आगे लाने की रणनीति महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
संगठन, वफादारी और सामाजिक संतुलन का मिश्रण
कांग्रेस की इस सूची को देखें तो साफ दिखाई देता है कि पार्टी ने केवल चुनावी गणित नहीं देखा. पवन खेड़ा और मीनाक्षी नटराजन जैसे नेताओं को संगठन में लंबे योगदान का इनाम मिला है. खड़गे के जरिए अनुभव और नेतृत्व को बनाए रखा गया है. मंसूर अली खान के जरिए सामाजिक प्रतिनिधित्व का संदेश दिया गया है. वहीं प्रवीण चक्रवर्ती जैसे रणनीतिकार को मौका देकर कांग्रेस ने भविष्य की राजनीति की झलक भी दिखाई है. यह सूची बताती है कि कांग्रेस फिलहाल दो मोर्चों पर काम कर रही है- एक तरफ पुराने और वफादार नेताओं को सम्मान देना, दूसरी तरफ नई राजनीतिक और रणनीतिक जरूरतों के हिसाब से टीम तैयार करना. सबसे ज्यादा चर्चा भले ही पवन खेड़ा की हो रही हो, लेकिन असल में यह सूची कांग्रेस के आने वाले राजनीतिक रोडमैप की भी झलक देती है.