दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. अगर आप मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर सफर करते हैं तो कल यानी 21 नवंबर से आपको अपनी यात्रा की प्लानिंग में बदलाव करना होगा. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मैजेंटा लाइन के एक हिस्से पर ट्रेन संचालन के समय में बदलाव करने का फैसला किया है. इसके तहत दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच चलने वाली मेट्रो सेवाएं अब पहले के मुकाबले एक घंटा देर से शुरू होंगी और एक घंटा पहले बंद हो जाएंगी.
दरअसल, कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक तक मैजेंटा लाइन के नए सेक्शन को शुरू करने की दिशा में सिस्टम इंटीग्रेशन का काम किया जाना है. इसी काम को सुरक्षित और सुचारू तरीके से पूरा करने के लिए मौजूदा मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया जा रहा है. डीएमआरसी के मुताबिक, यह व्यवस्था करीब एक महीने तक लागू रहने की संभावना है. ऐसे में इस रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए पहली और आखिरी मेट्रो का नया समय जानना बेहद जरूरी है.
सुबह 6 बजे की जगह 7 बजे से चलेगी पहली मेट्रो
डीएमआरसी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 21 नवंबर से मैजेंटा लाइन के दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच पहली यात्री मेट्रो सुबह 6 बजे के बजाय 7 बजे से चलेगी. यानी सुबह जल्दी सफर करने वाले यात्रियों को अब मेट्रो पकड़ने के लिए एक घंटे अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है.
इसी तरह रात में मेट्रो से घर लौटने वाले यात्रियों को भी अपने समय का ध्यान रखना होगा. इस सेक्शन पर आखिरी यात्री ट्रेन रात 11 बजे के बजाय 10 बजे से संचालित होगी. यानी मेट्रो सेवाएं रात में एक घंटा पहले समाप्त हो जाएंगी.
कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक तक नए सेक्शन का काम
दरअसल, दिल्ली मेट्रो मैजेंटा लाइन के नए सेक्शन कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक तक सिस्टम इंटीग्रेशन का काम करने जा रही है. यह तकनीकी प्रक्रिया नए सेक्शन को मौजूदा मेट्रो नेटवर्क के साथ जोड़ने के लिए जरूरी है.
इस दौरान सिग्नलिंग और दूसरे जरूरी सिस्टम को एंटीग्रेट से जुड़े काम किए जाएंगे, ताकि नए सेक्शन पर मेट्रो संचालन सुरक्षित और सुचारू तरीके से शुरू किया जा सके. इसी वजह से मैजेंटा लाइन पर दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच मेट्रो सेवाओं के संचालन के घंटों में बदलाव किया गया है.
डीएमआरसी का कहना है कि इस बदलाव से सिस्टम इंटीग्रेशन का काम सुरक्षित और प्रभावी ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी.
करीब एक महीने तक नए टाइमटेबल से चलेगी मेट्रो
डीएमआरसी के मुताबिक, सिस्टम इंटीग्रेशन का काम पूरा होने में करीब एक महीने का समय लग सकता है. इस दौरान मैजेंटा लाइन के प्रभावित सेक्शन पर संशोधित समय के अनुसार ही ट्रेनें चलेंगी. काम पूरा होने के बाद मेट्रो का पुराना टाइमटेबल बहाल कर दिया जाएगा.
यात्रियों की सुविधा के लिए बदले हुए समय की जानकारी संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर प्रदर्शित की जाएगी. इसके अलावा DMRC अपने आधिकारिक संचार माध्यमों से भी यात्रियों को अपडेट देता रहेगा.
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों से अपील की है कि वे नए समय को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं. खासकर सुबह जल्दी ऑफिस या अन्य काम से निकलने वाले और रात में देर से घर लौटने वाले यात्रियों को मेट्रो के नए परिचालन समय का विशेष ध्यान रखना होगा. DMRC ने इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए यात्रियों से सहयोग की अपील की है.