![]()
.
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उपायुक्त से मिला। गुमला विधायक सह जिला अध्यक्ष भूषण तिर्की के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने जिले में चल रही एसआईआर प्रक्रिया की धीमी प्रगति और जमीनी स्तर पर हो रही दिक्कतों को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में श्री तिर्की ने उपायुक्त से मांग की कि बीएलओ द्वारा डोर-टू-डोर गणना प्रपत्र का वितरण युद्धस्तर पर कराया जाए और निर्धारित समय सीमा के अंदर शत-प्रतिशत कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर लोकतंत्र की नींव है। इसमें किसी भी योग्य नागरिक का नाम छूटना लोकतंत्र के साथ अन्याय होगा। विधायक ने आम जनता से भी सीधी अपील की। उन्होंने कहा की जिला प्रशासन का सहयोग करें। अपना और अपने परिवार का एसआईआर फॉर्म अपने-अपने बीएलओ के माध्यम से तय समय से पहले अवश्य भरें। श्री तिर्की ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाकर लोगों को फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई जाए। इस दौरान जिला सचिव आरिफ अंसारी, केंद्रीय सदस्य कलीम अख्तर, रणजीत सिंह, नगर अध्यक्ष मो. लड्डन, संजय सिंह, मनोज तिर्की, प्रदीप सिंह, इरफान अली, हरिओम साहू, सिकुंदा लकड़ा, जोहानी मिंज, सेवती टोप्पो मौजूद थे।