भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Exit Poll 2026 Results LIVE | एग्जिट पोल पश्चिम बंगाल 2026 |...


Exit Poll Results LIVE Updates: पश्चिम बंगाल के अलावा असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के एग्जिट पोल नतीजे भी आज ही जारी किए जा रहे हैं. इन पांचों राज्यों में वोटिंग प्रतिशत काफी ज्यादा रहा है, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज 29 अप्रैल को वोट डाले गए. शाम 5 बजे तक राज्य में 90% से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई है, जो मतदाताओं के भारी उत्साह को दर्शाती है. चुनावी मैदान में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला है. चुनाव आयोग के कड़े निर्देशों के अनुसार, शाम 6:30 बजे तक किसी भी तरह के एग्जिट पोल पर पाबंदी है. इसके बाद ही सर्वे एजेंसियां अपने आंकड़े जारी कर सकेंगी.

Tamil Nadu Exit Poll 2026 लाइव: तमिलनाडु में गठबंधनों की जंग से बदला चुनावी समीकरण

तमिलनाडु चुनाव 2026 में मुकाबला अब पूरी तरह गठबंधनों पर टिक गया है. डीएमके के नेतृत्व वाला सेक्युलर प्रोग्रेसिव गठबंधन एम के स्टालिन के साथ मैदान में है. दूसरी तरफ एआईएडीएमके गठबंधन ई के पलानीस्वामी के नेतृत्व में चुनौती दे रहा है. इस बार विजय की तमिलगा वेत्री कषगम की एंट्री ने मुकाबले को और पेचीदा बना दिया है. राज्यभर में त्रिकोणीय और बहुकोणीय टक्कर चुनावी तस्वीर बदल सकती है.

तमिलनाडु एग्जिट पोल 2026 लाइव: 10 हॉट सीटें जो तय करेंगी सत्ता की दिशा

तमिलनाडु की कई हॉट सीटें ऐसी हैं जहां कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है. कोलाथुर में एम के स्टालिन की प्रतिष्ठा दांव पर है, तो एडप्पाडी सीट ई के पलानीस्वामी के लिए अहम है. कोयंबटूर साउथ में शहरी वोटर बड़ा फैक्टर बन सकते हैं. मदुरै सेंट्रल और सलेम में सीधी टक्कर का माहौल है. तिरुचिरापल्ली वेस्ट को स्विंग सीट माना जा रहा है. चेन्नई सेंट्रल क्षेत्र शहरी रुझान दिखाएगा. बोडिनायकनूर, तिरुप्पुर और कन्याकुमारी में बहुकोणीय मुकाबला चुनावी नतीजों की दिशा तय कर सकता है.

असम एग्जिट पोल LIVE: 75 सीटों के आसपास मजबूत बढ़त

असम विधानसभा चुनाव का एग्जिट पोल: आंकड़ों के मुताबिक करीब 75 सीटों का आंकड़ा आरामदायक जीत की ओर इशारा करता है. यह स्थिति सरकार को स्थिरता देती है और भविष्य में उपचुनाव या दल बदल जैसे झटकों को संभालने की क्षमता बढ़ाती है. इससे शासन में निरंतरता और नीति लागू करने में तेजी देखने को मिल सकती है.

असम एग्जिट पोल अपडेट LIVE: 64 सीट पार करते ही बहुमत तय, सरकार बनना लगभग तय

असम विधानसभा में 64 सीट का आंकड़ा स्पष्ट बहुमत की सीमा माना जाता है. जो भी दल या गठबंधन इस आंकड़े को पार करेगा, वह बिना बाहरी समर्थन के सरकार बना सकेगा. साल 2021 में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यह आंकड़ा आसानी से पार किया था.

एग्जिट पोल 2026 LIVE: क्या आपको एग्जिट पोल्स पर भरोसा करना चाहिए?

एग्जिट पोल्स को अंतिम नतीजा नहीं, बल्कि एक ‘संकेत’ (Signal) के तौर पर देखना चाहिए. ये ट्रेंड समझने और हवा का रुख पहचानने के लिए तो अच्छे हैं, लेकिन इन्हें 100% सटीक मान लेना सही नहीं है. असली तस्वीर तो 4 मई, 2026 को ही साफ होगी, जब ईवीएम (EVM) के पिटारे खुलेंगे. तब तक ये आंकड़े सिर्फ एक चर्चा और विश्लेषण का आधार मात्र हैं.

Exit Poll 2026 Results LIVE: आखिर क्यों फेल हो जाते हैं बड़े-बड़े एग्जिट पोल्स?

इतनी मेहनत और गणित के बावजूद एग्जिट पोल्स कई बार पूरी तरह गलत साबित होते हैं. इसके पीछे 5 बड़े कारण हैं:

  1. साइलेंट वोटर: अगर कोई खास वर्ग अपनी पसंद छुपा ले, तो पूरा कैलकुलेशन बिगड़ जाता है.
  2. झूठे जवाब: कई बार वोटर दबाव में या डर के मारे गलत जानकारी दे देता है.
  3. सैंपल एरर: अगर सैंपल में हर वर्ग का सही प्रतिनिधित्व नहीं है, तो नतीजा गलत आएगा.
  4. टर्नआउट का अनुमान: सर्वे इस आधार पर होता है कि कितने लोग वोट देने आएंगे, लेकिन एक्चुअल टर्नआउट कम-ज्यादा होने पर गणित फेल हो जाता है.
  5. गठबंधन और लोकल फैक्टर: भारत जैसे विविधता वाले देश में गठबंधन और स्थानीय प्रत्याशियों का प्रभाव नेशनल लेवल के डेटा को मात दे देता है.

Exit Poll Results 2026 LIVE: एजेंसियां अलग-अलग नतीजे क्यों दिखाती हैं?

अक्सर देखा जाता है कि एक चैनल किसी पार्टी की जीत दिखा रहा है, तो दूसरा कड़े मुकाबले की बात करता है. इसके पीछे कई कारण हैं:

  1. सैंपलिंग में अंतर: कोई एजेंसी शहरी इलाकों पर ज्यादा फोकस करती है, तो कोई ग्रामीण बेल्ट पर.
  2. सवाल पूछने का तरीका: अगर सवाल पूछने का ढंग थोड़ा भी अलग हो, तो वोटर का जवाब बदल सकता है.
  3. नो-रिस्पॉन्स का इलाज: बहुत से लोग यह नहीं बताते कि उन्होंने किसे वोट दिया. एजेंसियां अपनी समझ के हिसाब से इन ‘साइलेंट वोटर्स’ का अनुमान लगाती हैं.
  4. वेटिंग फॉर्मूला: डेटा को एडजस्ट करने का हर एजेंसी का अपना सीक्रेट फॉर्मूला होता है.

Exit Poll 2026 Results LIVE: डेटा की वेटिंग और वोटों से सीटों का पेचीदा गणित

ग्राउंड से जो डेटा आता है, उसे वैसा का वैसा नहीं दिखाया जाता. इस ‘रॉ डेटा’ पर स्टैटिस्टिकल वेटिंग (Statistical Weighting) अप्लाई की जाती है. मान लीजिए किसी इलाके में महिलाओं ने कम जवाब दिए, तो उनके डेटा को आनुपातिक रूप से बढ़ा दिया जाता है ताकि बैलेंस बना रहे.

सबसे कठिन काम है वोटों को सीटों में बदलना. भारत में ‘फर्स्ट पास्ट द पोस्ट’ सिस्टम है. इसका मतलब है कि अगर किसी पार्टी का वोट शेयर सिर्फ 1-2% भी ऊपर-नीचे होता है, तो सीटों की संख्या में भारी अंतर आ सकता है.

यहीं पर अलग-अलग एजेंसियों के दावों में अंतर दिखने लगता है क्योंकि हर एजेंसी का कैलकुलेशन मॉडल अलग होता है.

Exit Poll 2026 LIVE: भारत में एग्जिट पोल का प्रोसेस, जमीन पर क्या होता है?

एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियां जैसे एक्सिस माई इंडिया, सी-वोटर या CSDS-लोकनीति एक खास पैटर्न फॉलो करती हैं. यह प्रक्रिया कुछ स्टेप्स में पूरी होती है:

  1. निर्वाचन क्षेत्रों और पोलिंग बूथों का चुनाव: देश के हर बूथ पर जाकर सर्वे करना नामुमकिन है. इसलिए, एजेंसियां एक ‘रिप्रेजेंटेटिव सैंपल’ चुनती हैं. इसमें इलाके के पुराने वोटिंग पैटर्न, जातिगत समीकरण और डेमोग्राफिक फैलाव को ध्यान में रखा जाता है.
  2. ग्राउंड फील्ड सर्वे: वोटिंग के दिन सर्वे करने वाली टीम बूथ के बाहर तैनात रहती है. जैसे ही वोटर बाहर आता है, उससे उसकी पसंद पूछी जाती है. कई बार यह जानकारी गुप्त पर्ची के जरिए ली जाती है ताकि वोटर हिचकिचाए नहीं. यह पूरी तरह स्वैच्छिक होता है, कोई भी वोटर जवाब देने के लिए बाध्य नहीं है.
  3. डेमोग्राफिक डेटा का कलेक्शन: सिर्फ यह पूछना काफी नहीं कि वोट किसे दिया. एजेंसियां वोटर की उम्र, लिंग, जाति, आय और व्यवसाय का डेटा भी जुटाती हैं. इससे यह समझने में मदद मिलती है कि किस वर्ग का झुकाव किस पार्टी की तरफ ज्यादा है.

Exit Poll Results LIVE: ओपिनियन पोल और एग्जिट पोल के बीच का असल अंतर क्या है?

कई लोग ओपिनियन पोल और एग्जिट पोल को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन दोनों में जमीन-आसमान का अंतर है. ओपिनियन पोल चुनाव से काफी पहले किया जाता है, जिसमें लोगों से पूछा जाता है कि वे किसे वोट ‘देंगे’. वहीं, एग्जिट पोल तब होता है जब वोटर अपना वोट ‘डालकर’ बूथ से बाहर निकलता है.

एग्जिट पोल में वोटर की मंशा नहीं, बल्कि उसका असल व्यवहार दर्ज किया जाता है. भारत में चुनाव आयोग (ECI) इसे लेकर काफी सख्त है. जब तक आखिरी फेज की आखिरी वोटिंग खत्म नहीं हो जाती, तब तक किसी भी एजेंसी को डेटा पब्लिश करने की अनुमति नहीं होती. इसका मकसद यह है कि शुरुआती रुझान बाद में वोट डालने वाले लोगों के फैसले को प्रभावित न करें.

Exit Poll West Bengal 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल चुनाव में दूसरे चरण में जबरदस्त वोटिंग, 3 बजे तक 78.68 फीसदी मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं का उत्साह साफ दिखा. बुधवार को 142 सीटों पर मतदान के दौरान दोपहर 3 बजे तक 78.68 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. इससे पहले 1 बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान हुआ था. कई जिलों में तेजी से मतदान बढ़ा, जिसमें पूर्व बर्धमान सबसे आगे रहा. मतदान के बीच कुछ जगहों से हल्की गड़बड़ी की खबरें आईं, लेकिन हालात नियंत्रण में रहे. निर्वाचन आयोग की सख्त निगरानी में केंद्रीय बल तैनात रहे. वहीं सायोनी घोष ने भारी फोर्स तैनाती पर सवाल उठाए.

Exit Poll Results LIVE: केरल में वोटिंग के बाद बदली तस्वीर, बिजली कटौती और दूध महंगाई पर सियासत तेज

केरल में मतदान खत्म होते ही हालात बदलते दिख रहे हैं. राज्य में फिर से बिजली कटौती शुरू हो गई है और दूध की कीमत बढ़ाने की तैयारी ने सियासी माहौल गरमा दिया है. मंगलवार से आधे घंटे की लोड शेडिंग लागू की गई है, जो हाल के वर्षों में पहली बार है. वहीं केरल को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने दूध की कीमत 52 से 56 रुपए प्रति लीटर करने का प्रस्ताव भेजा है.

असम एग्जिट पोल LIVE: 2021 में जहां सबसे सटीक साबित हुए थे पोलस्टर्स

2021 में असम एकमात्र ऐसा राज्य था जहां एग्जिट पोल के आंकड़े लगभग हकीकत के समान थे. ज्यादातर एजेंसियों ने भाजपा की सत्ता में वापसी की बात कही थी. भाजपा गठबंधन ने 75 सीटें जीतीं और कांग्रेस गठबंधन 50 पर रहा. ‘जन की बात’ और ‘टुडेज चाणक्य’ ने भाजपा को 70 के आसपास सीटें दी थीं, जो बिल्कुल सही निकला. यहां केवल ‘टीवी9 भारतवर्ष’ ने त्रिशंकु विधानसभा का डर दिखाया था. कुल मिलाकर असम में सर्वे एजेंसियों ने भाजपा की सीटों को केवल 4 नंबर के मार्जिन से कम आंका था.

Exit Poll Results LIVE: 2021 में एग्जिट पोल्स से केरल में वामपंथ की लहर को भांपने में हुई चूक

केरल में 2021 के दौरान एलडीएफ (LDF) ने दोबारा सरकार बनाकर इतिहास रचा था. पोलस्टर्स ने एलडीएफ की जीत की भविष्यवाणी तो की थी, लेकिन वे विपक्षी यूडीएफ (UDF) को मिलने वाली सीटों को लेकर भ्रम में थे. एलडीएफ ने 99 सीटें जीतकर अपनी सत्ता बरकरार रखी, जबकि यूडीएफ मात्र 41 सीटों पर सिमट गया. ‘न्यूज24-टुडेज चाणक्य’ का अनुमान यहां सबसे सटीक रहा था. कई अन्य एजेंसियों ने त्रिशंकु विधानसभा या बहुत ही कड़े मुकाबले की बात कही थी, जो पूरी तरह गलत साबित हुई. एजेंसियों ने यूडीएफ की सीटों को औसतन 15 नंबर ज्यादा दिखाया था.

Exit Poll Results LIVE: एग्जिट पोल ने लगाया था 2021 में तमिलनाडु में द्रमुक की वापसी का सही अंदाजा

Exit Polls: तमिलनाडु के मामले में सर्वे एजेंसियां काफी हद तक सही साबित हुई थीं. सभी एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की थी कि एमके स्टालिन की द्रमुक (DMK) सत्ता में वापसी करेगी. द्रमुक और उसके गठबंधन ने 159 सीटें जीतीं, जबकि अन्नाद्रमुक को 75 सीटें मिलीं. ‘टीवी9-पोलस्ट्रेट’ और ‘शाइनिंग इंडिया’ के आंकड़े नतीजों के सबसे करीब रहे थे. हालांकि, ‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ ने द्रमुक को 190 के पार दिखा दिया था, जो जमीनी हकीकत से थोड़ा ज्यादा था. यहां पोलस्टर्स ने द्रमुक की सीटों को औसतन 7 नंबर से ओवरशूट किया था.

Exit Poll West Bengal LIVE: 2021 का इतिहास, जब सर्वे करने वालों के पसीने छूट गए

2021 में बंगाल का चुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में रहा था. उस समय किसी भी एग्जिट पोल ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की इतनी बड़ी जीत का अंदाजा नहीं लगाया था. लगभग सभी पोलस्टर्स ने भाजपा की सीटों को बहुत ज्यादा बढ़ाकर दिखाया था. टीएमसी ने तब 215 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था, जबकि भाजपा 77 पर सिमट गई थी. ‘टुडेज चाणक्य’ ने टीएमसी को 169 से 191 सीटें दी थीं, जो असलियत के थोड़ा करीब था. वहीं ‘जन की बात’ ने तो भाजपा की सरकार ही बना दी थी. औसतन, पोलस्टर्स ने टीएमसी की ताकत को 61 सीटों से कम आंका था.

एग्जिट पोल रिजल्ट LIVE: क्या इस बार भी फेल होंगे एग्जिट पोल?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग पूरी होने के साथ ही एग्जिट पोल का बाजार गर्म हो गया है. केरल, असम और तमिलनाडु में पहले ही मतदान हो चुका है. अब 4 मई को आने वाले नतीजों से पहले एग्जिट पोल यह बताने की कोशिश करेंगे कि सत्ता की कुर्सी पर कौन बैठेगा. हालांकि, 2021 के चुनावों का इतिहास देखें तो पता चलता है कि इन आंकड़ों पर आंख मूंदकर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है.

West Bengal Exit Poll LIVE: बंगाल में दूसरे चरण के मतदान पर गरमाई सियासत, बीजेपी का तीखा हमला

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा नेता तरुण चुघ ने दावा किया कि राज्य की जनता विकास, सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को समर्थन दे रही है. उन्होंने वंशवाद, जिहादी मानसिकता और भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है. चुघ ने संकेत दिया कि मतदाता अब ममता बनर्जी सरकार से आगे बढ़ने के मूड में हैं.

Kerala Exit Polls Result 2026 LIVE: केरल चुनाव नतीजों से पहले सियासी हलचल तेज, कांग्रेस उत्साहित तो लेफ्ट अलर्ट

केरल विधानसभा चुनाव के नतीजों में अब सिर्फ छह दिन बाकी हैं और राज्य में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. 140 सदस्यीय केरल विधानसभा के लिए मतदान 9 अप्रैल को संपन्न हुआ था. अब मुकाबला मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और विपक्ष के नेता वीडी सतीशन के नेतृत्व वाले कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के बीच माना जा रहा है. वहीं, बीजेपी नीत एनडीए, जो 2021 में अपनी एकमात्र सीट भी गंवा चुका था, इस बार त्रिशंकु जनादेश की स्थिति में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद लगाए बैठा है.

चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में मिले-जुले अनुमान सामने आए हैं और किसी भी दल को स्पष्ट बढ़त नहीं दिखाई गई है. हालांकि मतदान के बाद राजनीतिक माहौल में बयानबाजी तेज हो गई है. यूडीएफ खेमे में सत्ता में वापसी को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है. पार्टी नेता और समर्थक खुलकर जीत का दावा कर रहे हैं. दूसरी ओर, पिनराई विजयन का खेमा चुप्पी साधे हुए है, जिससे अटकलें और बढ़ गई हैं.





Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top