Last Updated:
IPO Market Boom : बाजार नियामक सेबी के चीफ का कहना है कि अगर उद्योग संगठनों ने ग्रोथ करने वाली कंपनियों की पहचान कर ली तो आने वाले कुछ साल में करीब 2,000 और कंपनियां लिस्ट हो सकती हैं. इसका मतलब है कि बाजार में आईपीओ की बाढ़ आ सकती है. इसमें ज्यादातर छोटी और मझोली कंपनियां शामिल होंगी, क्योंकि इस सेक्टर में ग्रोथ की बड़ी संभावना है.
सेबी ने बाजार में बदलाव के लिए प्री-आईपीओ फ्रेमवर्क पर काम शुरू किया है.
नई दिल्ली. बाजार नियामक सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने अनुमान जताया है कि आने वाले समय में शेयर बाजार में 2 हजार नई कंपनियां लिस्ट हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि अगर उद्योग संगठनों ने छोटे और मझोले उद्यमों की पहचान कर उन्हें बेहतर ग्रोथ दिलाई तो आने वाले समय में शेयर बाजार में 2 हजार से भी ज्यादा आईपीओ आ सकते हैं. इससे बाजार में लिस्टेड कंपनियों की संख्या 5 हजार के करीब पहुंच जाएगी.
उद्योग संगठन सीआईआई के एक कार्यक्रम में सेबी प्रमुख ने कहा कि संगठनों को छोटे और मझोले उद्यमों को बेहतर विकास का माहौल उपलब्ध कराने के लिए उनकी पहचान कर लिस्टिंग के लिए तैयार करना होगा. इसके लिए क्लस्टर बनाकर उन कंपनियों की पहचान करनी होगी, जिनमें आगे विकास करने की क्षमता है. हमारा मानना है कि आने वाले कुछ वर्षों में करीब 2,000 कंपिनयां और बाजार में लिस्ट हो सकती हैं. यह सभी कंपनियां छोटे और मझोले सेक्टर यानी एमएसएमई से आ सकती हैं. इसमें इक्विटी और डेट दोनों ही विकल्पों से कंपनियों को बाजार में आने का मौका दिया जाएगा.
नियम-कानून को और मजबूत बनाने की जरूरत
सेबी प्रमुख ने कहा कि जितनी ज्यादा कंपनियां बाजार में आएंगी, उनकी जिम्मेदारी और नियम-कानून के पालन की जवाबदेही भी उतनी ही ज्यादा बढ़ेगी. पूंजी बाजार में आने वाली कंपनियों को अपने निवेशकों का फंड ज्यादा पारदर्शी और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करना चाहिए. इसमें गवर्नेंस का खास तौर से ध्यान रखना होगा. उन्होंने कहा कि सेबी के बोर्ड में रोजाना तमाम बातों पर फैसला लिया जाता है और आप हर बात को नोट नहीं कर सकते हैं. इसके बजाय यह जोर देना ज्यादा बेहतर होगा कि बोर्ड की स्वतंत्रता और स्वायत्तता बनी रहे.
प्री-आईपीओ के लिए सेबी बना रहा ढांचा
सेबी ने प्री-आईपीओ शेयर ट्रेडिंग के लिए ढांचा बनाने पर काम शुरू कर दिया है. हालांकि, अभी इसे फाइनल नहीं किया गया है. इस ढांचे के तैयार होने के बाद योग्य कंपनियों को अप्लाई करने में आसानी होगी. तुहिन कांत पांडेय ने कहा कि हम इस ढांचे पर काम कर रहे हैं. लेकिन, प्री-आईपीओ लेवल पर यह कहां और कैसे काम करेगा और किस स्टेज पर इसे शुरू किया जाएगा, इन सभी सवालों के जवाब अभी फाइनल नहीं हुए हैं. इस बारे में जल्द ही जानकारी सार्वजनिक कर दी जाएगी.
परामर्श पेपर पहले ही पब्लिक में मौजूद
सेबी प्रमुख ने बताया कि एसएमई आईपीओ के ढांचे को तैयार करने के लिए परामर्श पत्र पहले ही पब्लिक डोमेन में उपलब्ध है और इस पर संबंधित हितधारकों से सुझाव मांगे गए हैं. हितधारकों का फीडबैक आने के बाद सेबी इसमें से कुछ सुझावों का चुनाव करेगा. इस ढांचे में आईपीओ, पब्लिक ऑफर, तरजीही इश्यू और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट जैसे सेक्टर्स को शामिल किया गया है. यह प्रस्ताव शेयर बाजार में आने वाले आमूल-चूल बदलाव का हिस्सा होगा, जिसमें विदेशी निवेशकों के लिए भी नियमों में बदलाव की बात कही जा रही है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…