Last Updated:
JEE Advanced 2026 Eligibility Criteria Relaxation: आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 पास करने वाले स्टूडेंट्स को बड़ी राहत दी है. 12वीं में 75% से कम अंक होने पर भी छात्र जोसा (JoSAA) काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे. हालांकि, सीट पक्की करने के लिए ईमेल के जरिए 15 जुलाई 2026 तक संशोधित मार्कशीट जमा करना अनिवार्य होगा.
JEE Advanced 2026: जेईई एडवांस में सफल उम्मीदवारों को राहत दी गई है
नई दिल्ली (JEE Advanced 2026 Eligibility Criteria). जेईई एडवांस्ड 2026 पास कर चुके उन स्टूडेंट्स के लिए राहत भरी खबर है, जो 12वीं बोर्ड परीक्षा में कम अंकों के कारण IIT में एडमिशन की रेस से बाहर होने से डर रहे थे. आईआईटी रुड़की ने ऐसे सभी छात्रों को जोसा (JoSAA) काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने और अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुनने की अनुमति दे दी है. यह फैसला विशेष रूप से उन उम्मीदवारों के लिए राहत भरा है, जिन्होंने CBSE के मूल्यांकन पर आपत्ति जताई थी और जो इस समय पुनर्मूल्यांकन के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं.
दूर हुआ बोर्ड रिजल्ट का असमंजस
जेईई एडवांस्ड परीक्षा में सफलता का परचम लहराने के बाद भी कई स्टूडेंट्स इस बात को लेकर बेहद तनाव में थे कि 12वीं बोर्ड में उनके नंबर निर्धारित पात्रता से कम रह गए हैं. हाल ही में सीबीएसई के मूल्यांकन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद भारी संख्या में छात्रों ने री-इवैल्युएशन के लिए आवेदन किया है. पुनर्मूल्यांकन की इस प्रक्रिया में लगने वाले समय को देखते हुए आईआईटी रुड़की ने संवेदनशीलता दिखाई है और छात्रों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए नियमों में अस्थायी ढील दी है.
काउंसलिंग में किसे और कैसे छूट मिलेगी?
इस विशेष व्यवस्था के तहत जिन सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस (EWS) श्रेणी के छात्रों के फिलहाल 75 प्रतिशत से कम अंक हैं या फिर एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी (PwD) वर्ग के जिन छात्रों के 65 प्रतिशत से कम अंक हैं, वे भी जोसा काउंसलिंग प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगे. छात्रों को अपनी जेईई एडवांस्ड 2026 रैंक के आधार पर सामान्य रूप से चॉइस फिलिंग करने का मौका मिलेगा और उन्हें सीटें भी आवंटित की जाएंगी.
15 जुलाई तक का मिला समय, ऐसे भेजनी होगी मार्कशीट
आईआईटी रुड़की ने साफ किया है कि यह एडमिशन पूरी तरह से ‘अस्थायी’ यानी प्रोविजनल माना जाएगा. छात्रों को अपने पुनर्मूल्यांकन के बाद आने वाली नई और संशोधित मार्कशीट को हर हाल में 15 जुलाई 2026 तक आधिकारिक ईमेल आईडी orgjee@iitr.ac.in पर भेजनी होगी. अगर संशोधित परिणाम में छात्र अपनी श्रेणी के अनुसार न्यूनतम 75% या 65% का क्राइटेरिया पार कर लेते हैं तो काउंसलिंग के चौथे राउंड के अंत में उनकी आवंटित सीट को पक्का (कंफर्म) कर दिया जाएगा.
छात्रों के पास है पात्रता साबित करने का आखिरी मौका
अधिकारियों के अनुसार, अगर कोई छात्र 15 जुलाई की समयसीमा तक अपने संशोधित पात्रता दस्तावेज या स्कोर कार्ड जमा करने में असफल रहता है तो उसका सीट आवंटन खुद-ब-खुद रद्द माना जाएगा. आईआईटी रुड़की का यह कदम उन होनहार छात्रों के लिए बेहतरीन अवसर है, जो बोर्ड की तकनीकी गलतियों के कारण देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में पढ़ने का अपना सपना खोने की कगार पर थे. अब गेंद छात्रों के पाले में है कि वे तय तारीख तक अपने सही दस्तावेज पेश कर दें.
About the Author
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें