- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Dhanbad
- Jharkhand High Court Said Administration Should Shift 197 Families Of Jharia To Belgadia, If They Do Not Agree Then Take Strict Action:
धनबाद4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अग्नि व भू-धंसान क्षेत्रों से विस्थापन का मामला, डीसी-एसएसपी को सौंपी जिम्मेदारी
झरिया के आग और भू-धंसान प्रभावित खतरनाक इलाकों से लोगों को हटाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी की एकल पीठ ने धनबाद जिला प्रशासन को 197 चिह्नित परिवारों को जल्द से जल्द बेलगड़िया टाउनशिप में शिफ्ट कराने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि यदि परिवार सुरक्षित स्थान पर जाने में सहयोग नहीं करते या बाधा डालते हैं, तो प्रशासन जरूरत पड़ने पर बल प्रयोग करे। लोगों की जान बचाने की सीधी जिम्मेदारी डीसी और एसएसपी की होगी। सोमवार को बीसीसीएल बनाम झारखंड सरकार मामले की सुनवाई के दौरान झरिया पुनर्वास विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) ने हलफनामा दाखिल कर स्थिति स्पष्ट की। अदालत ने 11 अगस्त के पूर्व आदेश का सख्ती से पालन करते हुए सभी परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का निर्देश दिया है।
आवंटन के बावजूद 15 परिवारों ने आवासों में जड़ा ताला जेआरडीए के मुताबिक, 24 जून की बैठक में 197 परिवारों को बेलगड़िया बसाने के लिए चिह्नित किया गया था। लेकिन स्थिति यह है कि अब तक केवल 15 परिवार ही बेलगड़िया जाकर रहने लगे हैं। वहीं कुल 15 परिवारों ने आवास तो आवंटित करा लिया, लेकिन उनमें अभी तक ताला लगाकर ही रखा है। कुल 167 परिवार अब भी जान जोखिम में डालकर खतरनाक इलाकों में रह रहे हैं। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि डेंजर जोन से लोगों की जान बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
6 सप्ताह में डीसी को देनी होगी रिपोर्ट, 18 जनवरी को अगली सुनवाई हाईकोर्ट ने धनबाद के उपायुक्त को 6 सप्ताह के भीतर शपथ पत्र दाखिल कर विस्थापन की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी देने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी। इससे पहले 11 अगस्त को भी कोर्ट ने विस्थापन में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई थी।
न्यू धौड़ा सबसे खतरनाक; केंदुआ व भागा बांध समेत 13 स्थल चिह्नित : प्रशासन और बीसीसीएल अधिकारियों ने झरिया के केंदुआ, राजपूत बस्ती, करकेद, भागा बांध और गोपालीचक क्षेत्रों के 13 खतरनाक स्थलों की समीक्षा की है। इनमें ‘न्यू धौड़ा’ को सबसे अधिक जोखिम वाला क्षेत्र घोषित किया गया है, जहां से सबसे पहले लोगों को हटाया जाना है।
