![]()
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) कार्यालय में मंगलवार शाम सीआईडी और रांची पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान रांची पुलिस ने जेपीएससी कार्यालय को चारों ओर से घेर लिया, जबकि सीआईडी की टीम अंदर जांच कर रही थी।
.
यह कार्रवाई जेपीएससी कार्यालय में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर की जा रही है। जांच टीम कार्यालय में मौजूद सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की गहनता से छानबीन कर रही है। कई अधिकारियों के आवास पर भी छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान सीआईडी की टीम द्वारा कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ किए जाने की सूचना है। हालांकि, छापेमारी किस विशिष्ट मामले को लेकर की जा रही है और जांच टीम को क्या दस्तावेज मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
छात्र संगठनों का परीक्षा प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप
गौरतलब है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद से ही आयोग की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली पर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे थे।
अभ्यर्थियों और विभिन्न छात्र संगठनों ने परीक्षा प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया था। परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद से ही पूरे राज्य में छात्र संगठनों द्वारा उग्र विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गए थे।
बताया जा रहा है कि छात्रों के भारी दबाव और मिली औपचारिक शिकायतों के आधार पर ही पुलिस और सीआईडी ने यह बड़ा कदम उठाया है। इस संयुक्त कार्रवाई के बाद जेपीएससी कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है।