Last Updated:
सुप्रीम कोर्ट ने जोजरी, बांडी और जूनी नदी में प्रदूषण को मिटाने को लेकर सरकारी सुस्ती पर राजस्थान सरकार को आड़े हाथों लिया. बेंच ने चेताया कि अगर अफसर नहीं जागे तो अवमानना की कार्रवाई होगी. नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर रोक लगा दी गई है. अवैध बजरी खनन पर एसआईटी जांच के आदेश दिए गए हैं. नर्मदा नहर से 100 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का सुझाव दिया गया है.
सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया.
राजस्थान की जोजरी, बांडी और लूनी नदियों में प्रदूषण का मुद्दा एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट की दहलीज पर पहुंचा. बेंच ने राजस्थान सरकार के ढीले रवैये पर नाराजगी जताई. जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने अफसरों के रवैये पर सवाल उठाए. कोर्ट ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम नहीं हो रहा है. अधिकारियों को अब अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. पीठ ने सख्त लहजे में कहा कि अफसरों को कुंभकर्णी नींद से जगाने के लिए कड़े कदम उठाने पड़ेंगे. अदालत ने यह भी चेताया कि आदेशों पर अमल नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई हो सकती है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने नौकरशाही की अड़चनों और काम में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई. पीठ ने अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल से कहा कि वे सरकार को इस मामले में सही सलाह दें.
अधिकारी कुछ भी करना नहीं चाहते
बेंच ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा, ‘‘वे (अधिकारी) कुछ भी करना ही नहीं चाहते. उन्हें नींद से जगाने के लिए हमें निश्चित रूप से कोई कड़ा कदम उठाना पड़ेगा. हम लालफीताशाही या नौकरशाही की अड़चनों के कारण इस मामले को यूं ही नहीं जाने देंगे. यदि वे नींद से जागकर कार्रवाई नहीं करेंगे, तो हम उनके खिलाफ सख्त कदम उठाएंगे.’’ शीर्ष अदालत जोजरी नदी में प्रदूषण से जुड़े मामले की स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई कर रही है. पीठ ने बांडी और लूनी नदियों में प्रदूषण के मुद्दे को भी गंभीरता से लिया था.
नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों की स्थापना पर रोक
जोजरी नदी जोधपुर से होकर गुजरती है, जबकि बांडी नदी पाली और लूनी नदी बालोतरा से होकर बहती है. बांडी और जोजरी नदियां बालोतरा शहर के पास लूनी नदी में मिल जाती हैं. मामले में अदालत की सहायता कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता बलबीर सिंह ने शुक्रवार को सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत के 26 अक्टूबर के आदेश का हवाला दिया. उन्होंने शीर्ष अदालत के उस निर्देश का उल्लेख किया, जिसमें राज्य सरकार को नदी पारिस्थितिकी तंत्र यानी इकोसिस्टम के आसपास या उसके निकट नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों की स्थापना की अनुमति देने से रोक दिया गया था. यह रोक तब तक लागू रहेगी, जब तक बाढ़ के उच्चतम स्तर और बफर जोन का वैज्ञानिक तरीके से निर्धारण नहीं कर लिया जाता.
अवैध खनन की जांच के लिए एसअईटी
जब वरिष्ठ अधिवक्ता ने इस मामले में राज्य सरकार के जवाब का जिक्र किया, तो पीठ ने टिप्पणी की, ‘‘यह पूरी तरह से लचर कार्रवाई का मामला है.’’ उन्होंने बताया कि शीर्ष अदालत के 26 अक्टूबर के निर्देश के अनुसार, राज्य सरकार ने लूनी, जोजरी और बांडी नदियों तथा उनकी सहायक नदियों को प्रभावित करने वाले संगठित अवैध बजरी खनन की व्यापक जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है.
सरकार पाइपलाइन क्यों नहीं बिछाती
उन्होंने बताया कि अदालत में दाखिल वस्तुस्थिति रिपोर्ट के अनुसार, इस संबंध में कुछ प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं. इस पर राज्य सरकार की ओर से पेश विधि अधिकारी ने पीठ को मामले में राज्य के अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी. शीर्ष अदालत ने बालोतरा में पेयजल की गंभीर कमी का मुद्दा भी उठाया. पीठ ने टिप्पणी की, ‘‘सरकार इस क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन क्यों नहीं बिछा सकती?’’ शीर्ष अदालत ने इसके लिए नर्मदा नहर से करीब 100 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का सुझाव दिया. पीठ ने कहा, ‘‘यदि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह काम कर पाती हैं, तो यह इस क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद सराहनीय कदम होगा.’’ शीर्ष अदालत ने इस मामले में आदेश पारित करने के लिए सुनवाई की अगली तारीख 10 दिसंबर तय की.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…