Last Updated:
Makeup Artist Tips: पलामू की मेकअप आर्टिस्ट रिद्धिमा कुमारी ने गर्मी में ऑयली स्किन के लिए दही बेसन हल्दी पैक, ठंडा दूध शहद चीनी और चावल पाउडर स्क्रब जैसे घरेलू नुस्खे सुझाए. उन्होंने कहा कि यह देसी ट्रिक दुल्हनों के लिए बेहद ही खास है.
पलामू: गर्मी के मौसम में चेहरे का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी है. वहीं, बदलते मौसम, तेज धूप, धूल-मिट्टी और प्रदूषण का सबसे अधिक असर हमारी त्वचा पर पड़ता है. खासकर गर्मी के मौसम में ऑयली स्किन वाले लोगों को पिंपल्स, एक्ने, टैनिंग और डेड स्किन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स के बजाय कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर त्वचा को स्वस्थ, साफ और चमकदार बनाया जा सकता है. पलामू की रहने वाली मेकअप आर्टिस्ट रिद्धिमा कुमारी का कहना है कि नियमित स्किन केयर हर किसी के लिए जरूरी है. वहीं, शादी-विवाह के सीजन में दुल्हनों को प्राकृतिक घरेलू उपायों का सहारा लेना चाहिए, जिससे त्वचा बिना किसी नुकसान के निखर सके.
दही, बेसन और हल्दी का फेस पैक फायदेमंद
रिद्धिमा कुमारी ने लोकल 18 को बताया कि 3 चम्मच दही, 2 चम्मच बेसन और 1 चम्मच हल्दी को अच्छी तरह मिलाकर फेस पैक तैयार करें. इस मिश्रण को चेहरे पर 15 मिनट तक लगाकर रखें और फिर सामान्य पानी से धो लें. सप्ताह में 2 से 3 बार इसका उपयोग करने से चेहरे की टैनिंग कम होती है, पिंपल्स और दाग-धब्बों में राहत मिलती है. लगातार एक महीने तक इसका इस्तेमाल करने से त्वचा की चमक बढ़ती है, डेड स्किन हटती है और चेहरे पर प्राकृतिक ग्लो दिखाई देने लगता है.
ठंडा दूध, शहद और चीनी से मिलेगी ताजगी
उन्होंने आगे कहा कि गर्मी के मौसम में त्वचा को ठंडक और पोषण देने के लिए थोड़ा ठंडा दूध लें. इसमें एक चम्मच चीनी और आधा चम्मच शहद मिलाकर मिश्रण तैयार करें. इसे चेहरे पर 15 मिनट तक लगाकर रखें और फिर साफ पानी से धो लें. रिद्धिमा ने कहा कि यह घरेलू उपाय त्वचा को मॉइस्चराइज करने के साथ-साथ डार्क सर्कल को हल्का करने और चेहरे को फ्रेश लुक देने में मददगार साबित हो सकता है.
चावल का पाउडर हटाएगा डेड स्किन
साथ ही बताया कि कच्चे चावल को पीसकर उसका महीन पाउडर बना लें और किसी साफ डिब्बे में सुरक्षित रखें. रोजाना 2-3 चम्मच चावल के पाउडर में सामान्य पानी मिलाकर हल्के हाथों से चेहरे पर स्क्रब करें. इससे डेड स्किन हटती है. त्वचा की सफाई होती है और चेहरा पहले की तुलना में अधिक साफ व चमकदार दिखाई देता है.
घरेलू उपाय अपनाते समय रखें सावधानी
उन्होंने कहा कि किसी भी घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले त्वचा के एक छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें. यदि जलन, खुजली या एलर्जी महसूस हो तो उसका उपयोग तुरंत बंद कर दें. साथ ही पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार लेना और धूप में निकलते समय त्वचा की सुरक्षा करना भी स्वस्थ और चमकदार स्किन के लिए बेहद जरूरी है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें