Last Updated:
Odisha Leopard Hanging: पेड़ पर फंदे से लटकता मिला तेंदुआ, शरीर पर बंधा था भारी पत्थर. ओडिशा के गंजम में हुई इस रूह कंपा देने वाली घटना ने हर किसी को हैरत में डाल दिया है. आखिर किसने इस बेजुबान को इतनी बेरहमी से मौत के घाट उतारा? क्या यह शिकारियों की कोई खौफनाक साजिश है या फिर इसके पीछे छिपा है कोई और गहरा राज? वन विभाग की तफ्तीश में जुटी टीमें भी इस खौफनाक मंजर को देखकर दंग रह गई हैं.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कैलाश बेहरा.
ओडिशा के गंजम जिले से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां कविशूर्यनगर के पास जाराडा गांव में एक तेंदुए का शव पेड़ से लटका हुआ मिला. इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. यह घटना खल्लीकोट वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जाराडा गांव के प्रवेश द्वार पर स्थित एक पहाड़ी के पास की है. तेंदुए का शव एक क्रशर यूनिट के पास लगे नीम के पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया है. प्रथम दृष्टया इस मामले को अवैध शिकार से जोड़कर देखा जा रहा है.
भारी पत्थर और जीआई तार का खौफनाक फंदा
वन विभाग के अधिकारियों को तेंदुए के शरीर से लिपटा हुआ एक जीआई (GI) तार मिला है जिसके निचले हिस्से में एक भारी पत्थर बंधा हुआ था. इस क्रूरता को देखकर वन अधिकारी भी दंग हैं. आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी इलाके में जंगली सूअरों को फंसाने के लिए शिकारियों द्वारा बिछाए गए लोहे के तार के फंदे में यह तेंदुआ फंस गया होगा. ऐसा अनुमान है कि फंदे में फंसने के बाद खुद को छुड़ाने की छटपटाहट में तेंदुआ नीम के पेड़ पर तो चढ़ गया लेकिन तार के दूसरे छोर पर भारी पत्थर बंधा होने के कारण वह नीचे नहीं उतर पाया. काफी समय तक भूख-प्यास और फंदे के कसे होने के कारण तड़प-तड़पकर पेड़ पर ही उसकी मौत हो गई.
हत्या कर पेड़ से लटकाए जाने का भी शक
इस पूरे मामले में वन विभाग और स्थानीय पुलिस केवल एक थ्योरी पर काम नहीं कर रही है. घटना को लेकर एक और गंभीर कयास लगाया जा रहा है. अधिकारी इस बात की भी गहनता से जांच कर रहे हैं कि क्या तेंदुए की मौत सचमुच फंदे में फंसकर पेड़ पर हुई है या फिर शिकारियों ने उसे किसी दूसरी जगह पर मारा और फिर अपराध को छुपाने या दहशत फैलाने के इरादे से उसके शव को लाकर इस नीम के पेड़ से लटका दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
खल्लीकोट वन रेंज के अधिकारियों ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वन विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत के असली कारणों और सही समय का पता चल सकेगा. ओडिशा के जंगलों में जंगली जानवरों के शिकार के लिए इस तरह के घातक तार के फंदे बिछाना एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है. वन विभाग ने अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इलाके के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि इस क्रूर घटना के जिम्मेदार चेहरों को बेनकाब किया जा सके.
About the Author
डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें