Last Updated:
Jamshedpur News: जमशेदपुर की राधिका ‘हाउस ऑफ कैंडल’ के तहत खाने की चीजों जैसी दिखने वाली मोमबत्तियां बना रही हैं. लड्डू, मोदक, पारले-जी बिस्किट जैसी मोमबत्तियां लोगों को खूब पसंद आ रही हैं. इसे देखने के बाद लोग फोटो खींचने लगते हैं. आइये जानते हैं इसके बारे में.
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर की राधिका अपनी रचनात्मकता से ऐसी मोमबत्तियां बना रही हैं, जिन्हें देखकर पहली नजर में पहचानना मुश्किल हो जाता है कि ये असली खाने की चीजें नहीं, बल्कि हाथ से तैयार की गई सजावटी मोमबत्तियां हैं. उन्होंने अपने इस काम को ‘हाउस ऑफ कैंडल’ नाम दिया है. आइये जानते हैं उनकी सफलता के बारे में.
जानें हाउस ऑफ कैंडल की खासियत
हाउस ऑफ कैंडल की मुख्य खासियत इनकी डिजाइन और बारीकी से की गई डिटेलिंग है. राधिका विभिन्न फ्लेवर और खाने की चीजों से प्रेरणा लेकर मोमबत्तियां तैयार करती हैं. इनमें लड्डू और मोदक जैसी पारंपरिक मिठाइयों से लेकर पारले-जी बिस्किट, आइसक्रीम और कोल्ड कॉफी तक शामिल हैं. इन मोमबत्तियों को इस तरह से डिजाइन किया जाता है कि इनके आकार, रंग और छोटी-छोटी डिटेलिंग असली खाने की चीजों जैसी नजर आती है. यही वजह है कि इन्हें देखने वाला कुछ पल के लिए जरूर सोचता है कि सामने रखी चीज खाने के लिए है या सजाने के लिए है.
यहां जानें रचनात्मकता का उद्देश्य
राधिका का कहना है कि मोमबत्तियां सिर्फ रोशनी देने वाली चीज नहीं रह गई हैं, बल्कि आजकल इन्हें घर की सजावट, उपहार देने और खास मौकों को यादगार बनाने के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है. इसी सोच के साथ उन्होंने कुछ अलग और अनोखा करने की कोशिश की. आम मोमबत्तियों से हटकर खाने की चीजों के डिजाइन वाली मोमबत्तियां तैयार करने का उनका विचार लोगों को काफी पसंद आ रहा है. खासकर उन लोगों के लिए ये मोमबत्तियां आकर्षण का केंद्र हैं, जो अपने घर या किसी खास मौके पर कुछ नया और अलग रखना चाहते हैं.
प्रदर्शनी में लोग खींचने लगे फोटो
हाल ही में राधिका ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में हाउस ऑफ कैंडल का एक स्टॉल भी लगाया था. इस स्टॉल पर लोगों को उनकी बनाई अलग-अलग डिजाइन की मोमबत्तियां देखने और खरीदने का अवसर मिला. स्टॉल पर आने वाले लोगों के लिए सबसे खास आकर्षण लड्डू, मोदक, पारले-जी और कोल्ड कॉफी जैसी दिखने वाली मोमबत्तियां रहीं. इनकी खूबसूरत फिनिशिंग और वास्तविक लुक देखकर लोग तस्वीरें भी खींचते नजर आए.
जानें कैसे करें खरीदारी
हाउस ऑफ कैंडल की मोमबत्तियों को सोशल मीडिया के माध्यम से भी देखा और खरीदा जा सकता है. राधिका का यह छोटा सा रचनात्मक व्यवसाय इस बात का उदाहरण है कि अगर हुनर और कुछ नया करने का जुनून हो तो साधारण चीज को भी बेहद खास बनाया जा सकता है. जमशेदपुर में तैयार हो रही ये मोमबत्तियां सिर्फ सजावट का सामान नहीं, बल्कि रचनात्मकता का प्रतीक हैं.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
और पढ़ें