भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Shashi Tharoor News | शशि थरूर ने फिर बढ़ाई कांग्रेस की टेंशन!...


होमताजा खबरदेश

थरूर ने फिर बढ़ाई कांग्रेस की टेंशन! PM मोदी की तारीफ पर BJP ने राहुल को घेरा

Last Updated:

शशि थरूर ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिसने कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी बहस छेड़ दी है. G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाने की थरूर ने सराहना की. दिलचस्प बात यह है कि इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व प्रधानमंत्री की आलोचना कर रहा है. थरूर के बयान के बाद बीजेपी ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए दावा किया कि कांग्रेस के भीतर ही मोदी की कूटनीति को लेकर अलग राय है.

थरूर ने फिर बढ़ाई कांग्रेस की टेंशन! PM मोदी की तारीफ पर BJP ने राहुल को घेराZoom

शशि थरूर ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिसने कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी बहस छेड़ दी है.

कांग्रेस सांसद शशि थरूर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं. G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने प्रधानमंत्री के रुख का समर्थन किया है. उनके इस बयान के बाद बीजेपी को कांग्रेस और खासकर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलने का नया मौका मिल गया है.

दरअसल, G7 सम्मेलन के इतर हुई मोदी-ट्रंप बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खाड़ी क्षेत्र और होर्मुज स्ट्रेट के आसपास काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था. प्रधानमंत्री ने कहा था कि समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की जान की हिफाजत बेहद जरूरी है. हाल के दिनों में ओमान की खाड़ी में हुए हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद यह मुद्दा और संवेदनशील बन गया था.

थरूर ने क्या कहा?

शशि थरूर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ सार्वजनिक और निजी दोनों बैठकों में भारत की चिंता स्पष्ट रूप से रखी. उनके मुताबिक युद्ध या संघर्ष की स्थिति में व्यावसायिक जहाजों पर काम करने वाले नागरिक नाविकों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए क्योंकि वे सैनिक नहीं होते.

थरूर ने कहा कि यदि कोई जहाज किसी नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहा है तो उसे रोकने के दूसरे तरीके हो सकते हैं, लेकिन निर्दोष लोगों की जान नहीं जानी चाहिए. उन्होंने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को भारत की प्राथमिक चिंता बताया.

कांग्रेस ने उठाए थे सवाल

दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस का आधिकारिक रुख इससे अलग रहा है. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों के मुद्दे को पर्याप्त मजबूती से नहीं उठाया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने सवाल किया था कि अमेरिका से माफी या खेद व्यक्त करने की मांग क्यों नहीं की गई.

प्रियंका गांधी ने भी कहा था कि भारत को इस मुद्दे पर और मुखर होना चाहिए तथा प्रधानमंत्री को अमेरिकी नेतृत्व के सामने यह मामला मजबूती से उठाना चाहिए.

BJP ने साधा राहुल गांधी पर निशाना

थरूर के बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार किया. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शशि थरूर ने राहुल गांधी को बेनकाब कर दिया है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेता भी प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीति की सराहना कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी लगातार सरकार की आलोचना कर रहे हैं.

मोदी-ट्रंप मुलाकात में क्या हुआ था?

G7 सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की करीब 16 महीने बाद द्विपक्षीय मुलाकात हुई. बैठक में व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से खाड़ी क्षेत्र में काम कर रहे लाखों भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया और कहा कि मौजूदा तनावपूर्ण हालात में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए.

राजनीतिक रूप से देखें तो शशि थरूर का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाल के वर्षों में कई बार उनके बयान कांग्रेस की आधिकारिक लाइन से अलग नजर आए हैं. इस बार भी उनके समर्थन वाले बयान ने बीजेपी को कांग्रेस की अंदरूनी असहमतियों का मुद्दा उठाने का मौका दे दिया है.

About the Author

Saad Omar

साद बिन उमर को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है, जिनमें से 12 साल उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को दिए है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने आज तक, एनडीटीवी, पीटीआई और नया इंडिया जैसे प्र…और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top