Last Updated:
Ranchi online exam cheating : रांची में SSC GD कांस्टेबल परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से ऑनलाइन सिस्टम हैक कर अभ्यर्थियों को पास कराने का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. पुलिस ने सेंटर अधीक्षक समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है और पूरे रैकेट के तार बिहार से जुड़े होने की बात सामने आई है.
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा किया.
रांची. झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे स्थित परीक्षा केंद्र में ऑनलाइन सिस्टम हैक कर अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का खेल चल रहा था. इस मामले की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, इस पूरे नेक्सस के तार बिहार से जुड़े बताए जा रहे हैं. बता दें कि रांची में मई माह में ही 2 मामले सामने आ चुके हैं.
इस मामले के बारे में बताया जा रहा है कि रांची में हो रही परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सिस्टम को हैक करने की कोशिश की जा रही थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की गई. इसी क्रम में जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले एक अभ्यर्थी के कंप्यूटर सिस्टम को इनविजिलेटर के कहने पर रीस्टार्ट कराया गया था, जबकि परीक्षा संचालन की मानक प्रक्रिया में इसकी अनुमति नहीं है. ऐसे में सिस्टम रीस्टार्ट होते ही पुलिस को संदेह हुआ कि कंप्यूटर को रिमोटली एक्सेस किया जा रहा है और स्क्रीन मिररिंग के जरिए प्रश्नपत्र हल कराया जा रहा है.
10 लाख दो और परीक्षा पास करो का खेल
10 लाख दो और परीक्षा पास करो, इस तरह की बातें इन दिनों फिजाओं में घूम रही हैं. दरअसल, रांची में मई माह में ही 2 ऐसे मामले सामने आए हैं जिनसे संगठित तौर पर ऑनलाइन परीक्षा के फुलप्रूफ होने पर सवाल उठ चुके हैं. ताजा मामला टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के डोल बगीचा स्थित जीनियस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (ENIUS INSTITUTE OF TECHNOLOGY)का है, जहां कर्मचारी चयन आयोग, नई दिल्ली (STAFF SELECTION COMMISSION NEW DELHI) द्वारा GD/CONSTABLE CAPF परीक्षा-2026 आयोजित की जा रही थी.
सेंटर अधीक्षक और आईटी कर्मी भी गिरफ्तार
इस मामले में रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि गिरफ्तार अभ्यर्थी मृत्युंजय कुमार यादव और इनविजिलेटर संजीत कुमार ने पूरे रैकेट का खुलासा किया. पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि परीक्षा केंद्र के ठीक सामने किराए के मकान में सेंटर अधीक्षक विकास कुमार और आईटी कर्मी मुन्ना राज बैठकर इंटरनेट और IP एड्रेस के जरिए परीक्षा सिस्टम को हैक कर रहे थे. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मौके से 1 कंप्यूटर सिस्टम, 3 मोबाइल फोन, 2 विद्यार्थियों के ब्लैंक चेक, मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि बिहार के बिचौलियों के जरिए अभ्यर्थियों की सेटिंग कराई जाती थी और परीक्षा पास कराने के एवज में 6 से 10 लाख रुपये तक वसूले जाते थे.
रांची में SSC GD परीक्षा में गड़बड़ी का दूसरा मामला
बता दें कि रांची में SSC GD कांस्टेबल परीक्षा में गड़बड़ी का यह दूसरा मामला है. बीते दिनों पंडरा ओपी इलाके में भी कुछ इसी तरह का फर्जीवाड़ा सामने आया था, जिसमें 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. वहां भी 6 सिस्टम को मास्टर कंप्यूटर से हैक किया गया था और सिस्टम खुद से सवालों को हल कर रहा था, जबकि अभ्यर्थी सिर्फ कंप्यूटर के समक्ष बैठे थे.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें