रांची37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

झारखंड में स्वाइन फ्लू (H1N1) ने दस्तक दे दी है। राजधानी रांची में इसके नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए 11 संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 8 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
संक्रमितों में माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एक प्रोफेसर और उनके बेटे समेत 6 अन्य लोग शामिल है। ये दोनों दिल्ली से रांची लौटे थे।
तबीयत खराब होने पर जांच कराने पर स्वाइल फ्लू की पुष्टि हुई। जबकि चार संक्रमित रांची के ही एक ब्वॉयज हॉस्टल में रहते हैं। इनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।
जानकारी के अनुसार, शहर के कई अन्य बड़े निजी प्रयोगशालाओं में भी प्रतिदिन एक से दो नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो रही है।

सिविल सर्जनों को सतर्कता बरतने के निर्देश
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने भी संक्रमण को लेकर लोगों को सावधान किया है। ICMR के महानिदेशक राजीव बहल के अनुसार, स्वाइन फ्लू से मृत्यु दर काफी कम है, लेकिन संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी आवश्यक है।
बताया जा रहा है कि स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए अधिकांश मरीज हाल ही में दूसरे राज्यों या शहरों की यात्रा कर झारखंड लौटे हैं।
यात्रा से लौटने के बाद उन्हें तेज बुखार, गले में दर्द, सर्दी और खांसी जैसी शिकायतें होने लगीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों की सलाह पर जांच कराने के बाद उनमें संक्रमण की पुष्टि हुई।
