Last Updated:
Tariff War : दुनिया के साथ टैरिफ वॉर शुरू करने वाले डोनाल्ड ट्रंप अब खुद इस चक्रव्यूह में फंस रहे हैं. पहले उन्होंने कनाडा पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया तो पलटवार करते हुए कनाडा ने भी 50 फीसदी शुल्क ठोक दिया है. कनाडा ने अमेरिका के 700 सामानों पर टैरिफ लगाया है.
कनाडा ने अमेरिका के 700 सामानों पर टैरिफ लगाया है.
नई दिल्ली. दुनिया के तमाम देशों पर टैरिफ लगाकर कारोबारी जगत में हलचल मचाने वाले डोनाल्ड ट्रंप के सामने अब नई चुनौती आ गई है. कनाडा ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिका के 700 से ज्यादा सामानों पर टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है. कनाडा ने अमेरिकी सामानों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लगाए हैं. इससे पहले अमेरिका ने भी कनाडा से आयात होने वाले सामानों पर टैरिफ लगाया था.
कनाडा के इस जवाबी कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका पर कनाडा को अपने अधीन करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विफल वार्ता के दौरान अमेरिका की मांगों से पता चलता है कि वह हमारे प्रमुख उद्योगों को नष्ट करना चाहता है. इसके साथ ही कनाडा ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए करीब 20 अरब डॉलर मूल्य के सामानों पर शुल्क लगाने का ऐलान कर दिया. इन सामानों में इस्पात, डेयरी उत्पाद, घरेलू उपकरण और कृषि उपकरण शामिल हैं.
दुनिया पर क्या होगा इसका असर
इस तनाव से दुनिया के सबसे बड़े व्यापारिक संबंधों में से एक पर असर पड़ने की आशंका है. कनाडा के नए शुल्क औद्योगिक वस्तुओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समुद्री खाद्य उत्पाद, पनीर, कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन और टॉयलेट पेपर जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं को भी इसके अंतर्गत लाया गया है. कुछ वस्तुओं पर शुल्क 50 फीसदी तक है. कनाडा ने यह कदम डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के पिछले हफ्ते कनाडाई वस्तुओं पर 50 फीसदी शुल्क लगाए जाने के बाद उठाया है.
ट्रंप का दिखा था धमकी भरा अंदाज
कनाडा की ओर से इतना सख्त कदम राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सोमवार को टकराव के बाद उठाया गया है. उन्होंने कनाडा के नेताओं से ‘अमेरिका की बातें मानने’ को कहा और चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर मौजूदा टैरिफ से ‘कहीं अधिक खराब’ परिणाम भुगतने होंगे. उन्होंने कनाडा के वाहनों, वाहन कलपुर्जों और इस्पात पर नए 50 फीसदी टैरिफ लगाने की चेतावनी भी दी. इसके बाद ट्रंप ने मंगलवार को एक और विवाद खड़ा करते हुए कहा कि अमेरिका ओंटारियो झील का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है. यह विवाद ओंटारियो के प्रमुख डग फोर्ड के साथ उनके मतभेद के बीच सामने आया.
कब से लागू होगा कनाडा का टैरिफ
कनाडा के नए शुल्क आठ सितंबर से लागू होंगे और यह 15 फीसदी, 25 फीसदी और 50 फीसदी की दर से प्रभावी होंगे. कनाडा ने लुगदी और कागज व इलेक्ट्रॉनिक्स समेत 700 से अधिक उत्पादों पर टैरिफ लगा दिया. कई अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क 25 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया. कनाडा के अधिकारियों ने कहा कि जवाबी शुल्क लगाने का उद्देश्य राजस्व जुटाना नहीं, बल्कि कनाडाई कंपनियों की रक्षा करना और अमेरिकी आयात को कम करना है. कनाडा के 25 फीसदी शुल्क लगाए जाने के बाद अमेरिका से इस्पात आयात पहले ही 30 फीसदी घट चुका है और नए 50 फीसदी शुल्क से इसमें और कमी आने का अनुमान है.
अमेरिका में किन उद्योगों पर होगा असर
कनाडा ने फीसदी टैरिफ के दायरे में इस्पात और एल्युमीनियम के कुछ उत्पाद, फर्नीचर और कपड़े शामिल हैं. घरेलू उपकरण, पनीर सहित डेयरी उत्पाद, मछली और समुद्री खाद्य व इस्पात और एल्युमीनियम से बने कुछ उत्पादों पर 25 फीसदी शुल्क लगेगा. अमेरिकी वाहनों पर कनाडा के मौजूदा जवाबी शुल्क लागू रहेंगे. कनाडा ने इस व्यापार विवाद से प्रभावित कर्मचारियों और कारोबार के लिए 7.5 अरब कनाडाई डॉलर (5.4 अरब अमेरिकी डॉलर) के सहायता पैकेज की भी घोषणा की है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें