भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘अलग हुए तो छोड़ेंगे नहीं…’...


Maharashtra Operation Tiger Live Updates: महाराष्ट्र की सियासत में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर हलचल चरम पर पहुंच गई है. उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी से बगावत पर उतारू सांसदों को संजय राउत ने खुली चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि जो सांसद पार्टी छोड़ेंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा.

दरअसल शिवसेना यूबीटी के 9 में से 6 सांसद दिल्ली पहुंच चुके हैं. ये सभी बागी सांसद फिलहाल दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में ठहरे हुए हैं. आज ये सभी दिल्ली में श्रीकांत शिंदे और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं.

खबर है कि शिवसेना के ये सभी बागी सांसद आज ही पार्टी से नाता तोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं. इन बागी सांसदों में संजय संजय देशमुख, दीना पाटिल, नागेश पाटिल अष्टीकर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव के नाम शामिल हैं. शिवसेना (यूबीटी) की वरिष्ठ नेता प्रियंका चर्तुवेदी ने पार्टी में बगावत पर एक तरह से मुहर लगाते हुए बीजेपी को चेतावनी दी है. उन्होंने इन बागियों की तुलना सांपों से करते हुए बीजेपी को चेताया है कि कल ये उसे भी डसेंगे.

उधर शिवसेना यूबीटी ने भी इस बगावत की काट के लिए चाल चल दी है. उद्धव ठाकरे के वफादार शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि पार्टी के किसी भी सांसद के अलग गुट बनाने या किसी अन्य दल में विलय को मान्यता न दी जाए. सावंत ने इस पत्र में लिखा है कि शिवसेना यूबीटी एक ही राजनीतिक दल है और कानून की नजर में वही मान्य है. शिवसेना यूबीटी ने कहा कि संसद में पार्टी का अस्तित्व मूल राजनीतिक दल से आता है, इसलिए अलग-अलग गुट बनाकर उसी पार्टी का प्रतिनिधित्व करने का दावा नहीं किया जा सकता.

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘सबने उद्धव जी के साथ रहने की कसम खाई…’ शिवसेना (यूबीटी) में बगावत पर संजय राउत का फूटा गुस्सा

संजय राउत ने इसके साथ ही रविवार को मातोश्री में उद्धव ठाकरे के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा, ’14 को सभी सांसदों के साथ मीटिंग हुई, जिसमें कुछ फिजिकली थे और चार ऑनलाइन थे. सबने उद्धव जी के साथ होने की कसम खाई. एक सांसद ने साईं बाबा, साईं भवानी और मां की कसम खाई कि वो उद्धव जी के साथ रहेंगे. ये मशाल चिन्ह पर जीतकर आए. ये मोदी जी या शिंदे जी के चेहरे पर नहीं जीते. इन सभी को 15-15 करोड़ दिया गया. कल मीटिंग में व्हिप जारी किया है.’

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘फिर तो चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं’ उद्धव सेना में टूट पर बोले संजय राउत- ऑपरेशन टाइगर आसान नहीं

शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सासंद संजय राउत के घर प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है. इस पीसी में संजय राउत ने कहा, ‘ऑपरेशन टाइगर आसान नहीं है. हमें ऐसे ऑपरेशन के बारे में मीडिया से पता चल रहा है. अगर ऐसा है, तो इस देश में चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं है. मैं यह भी कहना चाहूंगा कि जिन सांसदों के नामों का ज़िक्र हो रहा है, उनकी जानकारी मुझे नहीं है. कुछ लोग कहते हैं कि वे दिल्ली में हैं, कुछ कहते हैं कि वे मुंबई में हैं, जबकि कुछ का दावा है कि वे अपने चुनाव क्षेत्रों में हैं. आपको उनसे संपर्क करना चाहिए. ये सभी सांसद शिवसेना के ‘जलती हुई मशाल’ चुनाव चिह्न पर चुने गए थे.’

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘मैं उद्धव ठाकरे के साथ…’ शिवसेना यूबीटी के सांसद ने ऑपरेशन टाइगर की निकाली हवा

उद्धव ठाकरे के करीबी और शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत के घर पर थोड़ी ही देर में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली है. इस बीच अनिल देसाई और अरविंद सावंत संजय राउत के घर पहुंच गए हैं. खबर है कि ये दोनों प्रेस ब्रीफिंग में साथ रहेंगे. हालांकि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीन के बजाय चार कुर्सियां रखी गई हैं. खबर है कि राजाभाऊ वाजे भी इस ब्रीफिंग में शामिल हो सकते हैं. वह दिल्ली पहुंच चुके हैं, लेकिन अभी तक संजय राउत के घर नहीं आए हैं.

नासिक से शिवसेना (UBT) के सांसद राजाभाऊ वाजे से इससे पहले News18 से बातचीत में कहा था, ‘मैं दिल्ली जा रहा हूं. मेरी कुछ मीटिंग्स तय हैं. मैं उद्धव ठाकरे के साथ हूं और कहीं और जाने के बारे में नहीं सोच रहा हूं. मैं संजय राउत से मिलूंगा.’

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE Updates : संजय राउत के घर बड़ी बैठक, शिवसेना यूबीटी ने सांसदों को जारी किया व्हिप

राजधानी दिल्ली में संजय राउत के घर पर एक जरूरी मीटिंग चल रही है. बताया जा रहा है कि इस बैठक में अनिल देसाई और कुछ लीगल एक्सपर्ट मौजूद हैं. अरविंद सावंत के भी जल्द ही मीटिंग में शामिल होने की उम्मीद है. इस बीच शिवसेना यूबीटी ने 18 जून को संसदीय दल की बैठक के लिए अपने सभी सांसदों को व्हीप जारी किया है. इस बीच खबर यह है कि लोकसभा स्पीकर से पहले उद्धव गुट के बागी सांसद मुलाकात कर सकते हैं. उसके बाद उद्धव गुट के बचे सांसद मिल सकते हैं. सुबह ही ये दोनों मुलाकात प्रस्तावित है.

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : ‘सांपों की फितरत ही डंसना…’ उद्धव सेना में बगावत पर प्रियंका चतुर्वेदी की मुहर, बीजेपी को चेताया

शिवसेना (यूबीटी) की वरिष्ठ नेता प्रियंका चर्तुवेदी ने पार्टी में बगावत पर एक तरह से मुहर लगाते हुए बीजेपी को चेतावनी दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘बीजेपी इस भ्रम में ना रहे के सपोलों की टोली जमा करके, सांपों को दूध पिलाएंगे और वह सिर्फ़ विपक्ष को डसेंगे. आपका समय भी आएगा, क्योंकि सांप की फ़ितरत ही डंसना है, आज अगर हमारी बारी है , कल आपकी भी हो सकती है.’

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : दिल्ली में बागियों का डेरा, उधर जयपुर चले गए एकनाथ शिंदे, उद्धव की शिवसेना की टूट में नया ट्विस्ट

उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) में टूट की अटकलों के बीच बड़ा ट्विस्ट देखने को मिला है. एक तरफ से शिवसेना (यूबीटी) के बागी विधायक दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ एकनाथ शिंदे के जयपुर पहुंचने की खबर है. शिवसेना से जुड़े सूत्रों ने News18 इंडिया को बताया कि एकनाथ शिंदे एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जयपुर गए हैं. शिंदे के करीबी सूत्रों ने बताया कि पार्टी में किसी भी सांसद का विलय 19 जून को शिवसेना की स्थापना दिवस के बाद ही होगा.

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE: दिल्ली में 5 स्टार होटल में डटे शिवसेना यूबीटी के बागी सांसद

शिवसेना उद्धव गुट के बागी सांसद फिलहाल दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में ठहरे हुए हैं. आज ये सभी दिल्ली में श्रीकांत शिंदे और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं.

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : हदगांव से हैदराबाद और फिर दिल्ली… शिवसेना यूबीटी के एक और सांसद ने पकड़ी फ्लाइट, उद्धव की बढ़ी टेंशन

उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीट) के हिंगोली से सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर दिल्ली रवाना हो गए हैं. सूत्रों के अनुसार, नागेश मंगलवार रात हदगांव से हैदराबाद और वहां से दिल्ली गए हैं. कल रात नांदेड़ हवाई अड्डे से परभणी के सांसद संजय जाधव और यवतमाल के सांसद संजय देशमुख एक निजी विमान से दिल्ली रवाना हुए थे. तभी से ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

मंगलवार से ही सांसद आष्टीकर का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा था. नांदेड़ के डॉक्टरीन क्षेत्र स्थित कृष्णकुंज इमारत में सांसद आष्टीकर का फ्लैट है, लेकिन वहां भी उनके परिवार का कोई सदस्य उपलब्ध नहीं था. इस बीच जानकारी सामने आई है कि सांसद आष्टीकर मंगलवार रात हदगांव से हैदराबाद पहुंचे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हुए.

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : एकनाथ शिंदे कैंप में 19 जून को शामिल होंगे उद्धव के बागी सांसद- सूत्र

उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी में टूट की अटकलों के बीच खबर है कि एकनाथ शिंदे कैंप 19 जून को बागी सांसदों को पार्टी में शामिल करने का ऐलान कर सकता है. दरअसल 19 जून को शिवसेना का वर्धापन दिवस है. इसी दिन 4 साल पहले एकनाथ शिंद ने उद्धव से बगावत करके शिवसेना में दोफाड़ किया था. ऐसे में उसी दिन वह उद्धव ठाकरे को एक और चोट देने की तैयारी में हैं. इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि उद्धव गुट के 6 बागी सांसदों में से एक सांसद को केंद्रीय मंत्री बनाने का भी ऑफर दिया गया है.

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE Updates: ‘अपना सपना मनी..मनी..!’ उद्धव से दगाबाजी के लिए सांसदों को मिले 15-15 करोड़, संजय राउत का दावा

‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा के बीच शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने बड़ा आरोप लगाया है. राउत ने सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों को खरीदने के लिए 15-15 करोड़ रुपये एडवांस दिए जा रहे हैं. संजय राउत का कहना है कि उद्धव गुट के सभी 9 सांसद एकजुट हैं.

Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis LIVE : उद्धव ठाकरे की शिवसेना में टूट रोकने की नई चाल, संजय राउत के घर पर टिकी नजर

महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर को लेकर जारी सियासी अटकलों के बीच उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी आज सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है. ये प्रेस कॉन्फ्रेंस सांसद संजय राउत के घर पर होगी. खास बात ये है कि इसमें दिल्ली में मौजूद ठाकरे गुट के सभी सांसदों के शामिल होने की बात कही जा रही है. ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में कौन-कौन सांसद मौजूद रहते हैं और कौन नजर नहीं आता, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से पार्टी के भीतर टूट और सांसदों के अलग होने की चर्चाएं लगातार तेज हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top