भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

UPSC vs CA: यूपीएससी का भौकाल या सीए की चकाचौंध? पावर, पैसा...


नई दिल्ली (UPSC vs CA Difference Career). जब भी देश की सबसे कठिन इम्तिहानों वाली नौकरियों की बात होती है तो जुबां पर 2 नाम सबसे पहले आते हैं- यूपीएससी और सीए. इन दोनों की ही समाज में बहुत प्रतिष्ठा है. कई लोग इन दोनों के बीच बुनियादी फर्क को लेकर उलझन में रहते हैं. यूपीएससी के जरिए देश के नीति-निर्माता यानी IAS, आईपीएस और आईएफएस अफसर निकलते हैं, वहीं सीए यानी चार्टर्ड अकाउंटेंसी के जरिए देश का बड़ा वित्तीय साम्राज्य संभालने वाले फाइनेंशियल जीनियस तैयार होते हैं.

दोनों ही रास्तों में सफलता पाने के लिए दिन-रात एक करना पड़ता है और सफलता का रेशियो भी बेहद कम है. लेकिन परीक्षा के ढर्रे से लेकर नौकरी के प्रोफाइल, सैलरी, रुतबे और लाइफस्टाइल के मामले में दोनों फील्ड्स के बीच जमीन-आसमान का अंतर है. यूपीएससी में सरकारी तंत्र की असीमित ताकत का भौकाल है तो सीए में कॉर्पोरेट वर्ल्ड की चकाचौंध और बिना किसी सीमा के अंधाधुंध पैसा कमाने की आजादी है. समझिए परीक्षा, सिस्टम, सैलरी और करियर स्कोप के मामले में कौन किस पर भारी है.

परीक्षा का पैटर्न: देश का सबसे बड़ा सिलेबस बनाम नंबरों का खेल

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 3 चरणों में होती है- प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू. इसमें इतिहास, भूगोल, राजनीति से लेकर देश-दुनिया के हर मुद्दे का ज्ञान होना जरूरी है. हर साल 10-12 लाख लोग यूपीएससी परीक्षा देते हैं. उनमें से 1000 के आसपास चुने जाते हैं. सीए की परीक्षा ‘द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया’ (ICAI) कराती है. इसके भी 3 चरण हैं- फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल. सीए में कोई तय सीटें नहीं होतीं. यहां पूरा खेल मिनिमम पासिंग मार्क्स (हर विषय में 40% और कुल 50%) लाने का है. UPSC में किस्मत और रैंक का बड़ा रोल है, जबकि CA मार्कशीट और टेक्निकल होल्ड पर टिका है.

सिस्टम और ट्रेनिंग: लबासना की वादियों से लेकर आर्टिकलशिप के रगड़े तक

यूपीएससी परीक्षा पास करने के बाद आप देश के सबसे एलीट ग्रुप का हिस्सा बनते हैं. आपको मसूरी की ‘लबासना’ (LBSNAA) अकादमी में वर्ल्ड क्लास ट्रेनिंग दी जाती है और सीधे सरकार के तहत तैनात किया जाता है. वहीं, सीए बनने के सफर में सबसे अहम पड़ाव होता है ‘आर्टिकलशिप’. सीए इंटर पास करने के बाद किसी सीनियर सीए या फर्म के साथ दो-तीन साल तक कड़ी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (रगड़ा) झेलनी पड़ती है. यूपीएससी सिविल सर्विस आपको प्रशासनिक ढांचा देती है, जबकि सीए का सिस्टम प्रोफेशनल फाइनेंस कंसलटेंट बनाता है.

नौकरी और काम: जिले की कमान बनाम कंपनियों का बही-खाता

एक आईएएस या आईपीएस अधिकारी के कंधों पर पूरे जिले की कानून-व्यवस्था, विकास से जुड़े काम और सरकारी योजनाओं को लागू करने की जिम्मेदारी होती है. इन सरकारी अफसरों के पास असीमित पावर और प्रशासनिक रसूख होता है. वहीं, एक सीए का काम कंपनियों का ऑडिट करना, टैक्स प्लानिंग, वित्तीय सलाह देना और धोखाधड़ी रोकना होता है. सीए के बिना देश की कोई भी छोटी-बड़ी कंपनी या बिजनेस एक कदम आगे नहीं बढ़ सकता.

सैलरी और भत्ते: सरकारी सुविधाएं बनाम कॉर्पोरेट का भारी-भरकम पैकेज

सैलरी के मामले में दोनों का गणित बिलकुल अलग है. शुरुआती आईएएस अफसर की बेसिक सैलरी 56,100 रुपये होती है, जो भत्तों के साथ करीब 1 लाख तक पहुंचती है. हालांकि, उन्हें बंगला, गाड़ी, स्टाफ और अपार सुरक्षा जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जिसकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती. वहीं, फ्रेशर सीए का औसत शुरुआती पैकेज 8 से 12 लाख रुपये सालाना (यानी करीब 80 हजार से 1 लाख महीना) होता है. लेकिन अगर आपके पास हुनर है तो कॉर्पोरेट कंपनियां सीए को करोड़ों का पैकेज भी देती हैं.

करियर स्कोप: कैबिनेट सेक्रेटरी बनाम खुद की ग्लोबल प्रैक्टिस

यूपीएससी परीक्षा पास करके करियर ग्राफ फिक्स है- आप डीएम, कमिश्नर से होते हुए देश के सर्वोच्च प्रशासनिक पद ‘कैबिनेट सेक्रेटरी’ तक पहुंच सकते हैं या रिटायरमेंट के बाद बड़े आयोगों के अध्यक्ष बन सकते हैं. सीए के पास करियर के असीमित रास्ते हैं. आप किसी मल्टीनेशनल कंपनी (MNC) के सीएफओ (CFO) या सीईओ (CEO) बन सकते हैं, दुनिया के किसी भी कोने में अपनी खुद की कंसल्टेंसी फर्म खोल सकते हैं या बड़े-बड़े कप्तानों के पर्सनल वेल्थ मैनेजर बन सकते हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top