पश्चिम बंगाल के कर्मचारियों की मौज, दुर्गा पूजा से पहले डीए बढ़कर 38 फीसदी हुआ
Last Updated:
West Bengal DA Hike News: पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को दुर्गा पूजा का बड़ा तोहफा दिया है. एक अक्टूबर से महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) को बढ़ाकर 38 प्रतिशत कर दिया गया है. वित्त विभाग ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस फैसले का फायदा लाखों शिक्षकों, पंचायत कर्मियों और नगर निगम कर्मचारियों को मिलेगा. साथ ही दैनिक वेतन भोगियों की मजदूरी भी बढ़ाई गई है.
दुर्गा पूजा पर पश्चिम बंगाल सरकार का बड़ा तोहफा, डीए और डीआर में हुआ बंपर इजाफा. (File Photo : PTI)
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए यह त्योहारी सीजन खुशखबरी लेकर आया है. दुर्गा पूजा से ठीक पहले राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) में बंपर इजाफे का ऐलान किया है. अब राज्य के कर्मचारियों को 38 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा. यह नई दर एक अक्टूबर से लागू हो जाएगी. सरकार के इस फैसले से लाखों परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है. काफी समय से कर्मचारी डीए बढ़ाने की मांग कर रहे थे. अब सरकार ने अधिसूचना जारी कर इस मांग को पूरा कर दिया है. इससे कर्मचारियों की सैलरी में अच्छी खासी बढ़ोतरी होगी. यह लाभ सिर्फ सरकारी कर्मचारियों को ही नहीं मिलेगा. इसका फायदा सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी मिलेगा. पंचायत और नगर निगम के कर्मचारियों को भी इस दायरे में रखा गया है. सरकार का यह कदम बढ़ती महंगाई के बीच एक बड़ी राहत है.
दुर्गा पूजा से पहले कर्मचारियों को कैसे मिलेगा 38 प्रतिशत डीए का सीधा फायदा?
पश्चिम बंगाल सरकार ने महंगाई भत्ते और महंगाई राहत को 38 प्रतिशत कर दिया है. वित्त विभाग ने इसके लिए मंगलवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया. यह फैसला एक अक्टूबर से प्रभावी माना जाएगा. इसका सीधा असर कर्मचारियों की टेक होम सैलरी पर पड़ेगा. संशोधित मूल वेतन के आधार पर 38 प्रतिशत डीए की गणना की जाएगी. जिन कर्मचारियों को गैर-व्यावसायिक भत्ता (एनपीए) मिलता है उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा. डीए की गणना में किसी अन्य भत्ते को शामिल नहीं किया जाएगा.
किन-किन विभागों के कर्मचारियों और पेंशनर्स के खाते में आएगी यह बढ़ी हुई रकम?
सरकार के इस बंपर तोहफे का दायरा बहुत बड़ा रखा गया है. राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों के अलावा पेंशनधारकों को भी 38 प्रतिशत महंगाई राहत मिलेगी. पारिवारिक पेंशन पाने वाले लोग भी इस नई दर का फायदा उठाएंगे. इसके साथ ही वैधानिक निकायों और सरकारी उपक्रमों के कर्मचारी भी लाभान्वित होंगे. स्थानीय निकायों जैसे पंचायत और नगर निगम के कर्मचारियों को भी बढ़ा हुआ डीए मिलेगा. यह फैसला समाज के एक बड़े वर्ग को आर्थिक सुरक्षा देगा.
पांचवें वेतन आयोग वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में कितना बड़ा बदलाव हुआ है?
पांचवें वेतन आयोग के तहत सैलरी पाने वाले कर्मचारियों के लिए भी अहम घोषणा हुई है. इन कर्मचारियों का डीए 171 प्रतिशत से सीधे 223 प्रतिशत कर दिया गया है. यह एक बहुत बड़ा उछाल है जो एक अक्टूबर से लागू होगा. जिन पेंशनर्स की पेंशन आरओपीए-2009 के तहत अभी तक संशोधित नहीं हुई है. उन्हें भी 223 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत दी जाएगी. जब तक उनकी पेंशन संशोधित नहीं होती तब तक उन्हें इसी दर से भुगतान होता रहेगा.
क्या राज्य सरकार ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए भी कोई खास ऐलान किया है?
नियमित कर्मचारियों के साथ ही सरकार ने दिहाड़ी मजदूरों का भी पूरा ध्यान रखा है. सरकार ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की मजदूरी में 110 रुपये की तदर्थ बढ़ोतरी की है. यह वृद्धि उन कर्मचारियों के लिए है जो न्यूनतम मजदूरी अधिनियम जैसे वैधानिक प्रावधानों के दायरे में नहीं आते. एक अक्टूबर से इन मजदूरों को हर दिन 110 रुपये ज्यादा मिलेंगे. यह फैसला त्योहारों के समय गरीब और मेहनतकश वर्ग के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आया है.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
और पढ़ें