![]()
भास्कर न्यूज | सरायकेला मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों और अफवाहों पर विराम लगाते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। वहीं किसी अपात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल भी नहीं किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरकर समय पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराने की अपील की। समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा। सभी मापित एवं अमापित मतदाताओं के लिए प्रपत्र भरना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि राज्य से बाहर रहने वाले प्रवासी श्रमिक, छात्र अथवा अन्य मतदाता भी परिवार के किसी वयस्क सदस्य अथवा ईसीआईनेट पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं। सत्यापन अवधि 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें केवल चिन्हित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लिए जाएंगे। पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण सूची में दर्ज मतदाताओं को अतिरिक्त दस्तावेज देने की जरूरत नहीं होगी। उपायुक्त ने बताया कि एक अक्टूबर 2026 अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर को होगा।
जिले में अब तक 8,91,829 मतदाताओं में से 7,33,612 यानी 82.23 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 88.42 प्रतिशत, सरायकेला में 72.84 प्रतिशत तथा खरसावां में 89.78 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है।
Source link