भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

असाध्य रोग योजना:थैलेसीमिया मरीजों को 15 लाख तक की सहायता मिलेगी: डॉ....




जामताड़ा सदर अस्पताल में डे-केयर सेंटर का उद्घाटन, मंत्री ने कहा-रांची में जल्द शुरू होगी बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को जामताड़ा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया और हीमोफीलिया मरीजों के लिए दो बेड वाले विशेष डे-केयर सेंटर का उद्घाटन किया। दुमका के बाद जामताड़ा संताल परगना का दूसरा जिला बन गया है, जहां यह सुविधा शुरू हुई है। उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार थैलेसीमिया को मुख्यमंत्री असाध्य रोग योजना के दायरे में शामिल कर रही है। इसके तहत मरीजों को इलाज के लिए 15 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। जरूरत पड़ने पर सहायता राशि बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रांची सदर अस्पताल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके शुरू होने के बाद झारखंड के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी। डॉ. इरफान ने कहा कि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के परिजनों की लंबे समय से स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की मांग थी। अब जामताड़ा में डे-केयर सेंटर शुरू होने से जिले और आसपास के मरीजों को रक्त चढ़ाने समेत नियमित उपचार की सुविधा यहीं मिल सकेगी और बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला उपायुक्त आलोक कुमार ने इसे जामताड़ा जैसे छोटे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया और हीमोफीलिया जैसी अनुवांशिक बीमारियों का इलाज महंगा होता है और इस सुविधा से मरीजों व उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा ने बताया कि थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारियों के उपचार के लिए आवश्यक दवाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं। डे-केयर सेंटर शुरू होने से मरीजों को नियमित इलाज, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top