![]()
धनबाद सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरुप चटर्जी के बीच शुरू हुई सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। सोमवार को विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों के जवाब में मंगलवार को सांसद ने पलटवार करते हुए विधायक पर कोयला कारोबार समेत अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़े होने का आरोप लगाया। पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने दावा किया कि निरसा क्षेत्र में अवैध कारोबार में विधायक की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशन और दलाली की राजनीति के कारण क्षेत्र के कई विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। सांसद ने यह भी कहा कि उनके बेटे को कोयला चोरी से जोड़कर निशाना बनाया जा रहा है। सांसद ने विधायक की संपत्ति और कारोबारी संबंधों पर भी सवाल उठाए। कहा कि विधायक अपनी संपत्ति के स्रोत और विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों से जुड़े होने की स्थिति स्पष्ट करें। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता और प्रभाव का इस्तेमाल कर ठेका और आपूर्ति के कार्यों में हस्तक्षेप किया जाता है। ईंट भट्ठों से जुड़े आरोपों पर सांसद ने कहा कि यदि विधायक उनके खिलाफ लगाए गए दावों के समर्थन में प्रमाण पेश करते हैं तो वे सार्वजनिक रूप से जवाब देंगे। विधायक बोले- सभी आरोपों का देंगे जवाब
निरसा विधायक अरुप चटर्जी ने सांसद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे बुधवार को सभी आरोपों का जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों और समुदायों का जिक्र किया गया है, वे भी सामने आकर अपनी बात रखेंगे। विधायक ने यह भी कहा कि बाघमारा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन की गतिविधियां चल रही हैं और इस मुद्दे पर भी वे अपनी बात विस्तार से रखेंगे।
Source link