चुरचू प्रखंड की पंचायत चुरचू अंतर्गत जमडीहा गांव के बिरहोर टोला में सोमवार को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) समुदाय के समग्र विकास एवं सशक्तीकरण को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। उपायुक्त, हजारीबाग के निर्देश के आलोक में आयोजित शिविर का उद्देश्य समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक शत-प्रतिशत सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना था। उद्देश्य उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी रहा। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, पेयजल एवं स्वच्छता, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, वन, राजस्व, संस्कृति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों और बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय कर्मियों ने बिरहोर समुदाय के लोगों की समस्याएं सुनीं। मौके पर ही समाधान को लेकर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया। शिविर में स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पोषण, छात्रवृत्ति, पेंशन, राशन कार्ड, आवास, मनरेगा, कृषि योजनाओं, वनाधिकार पत्र तथा बैंकिंग सेवाओं से संबंधित जानकारी दी गई। वहीं आधार कार्ड एवं राशन कार्ड बनवाने से संबंधित प्रस्ताव भी लिए गए। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पात्र लाभुकों को किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रखा जाएगा।
Source link