![]()
कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी ने सोमवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने इलाज के दौरान मिल रही सुविधाओं के बारे में मरीजों से सीधे बातचीत की। विधायक ने मरीजों से दवा, जांच, चिकित्सकीय परामर्श, अस्पताल में उपलब्ध अन्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उनके साथ विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा भी मौजूद थे। विधायक ने अस्पताल के चिकित्सकों एवं प्रबंधन से मरीजों के इलाज की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं, अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मरीजों को समय पर चिकित्सकीय जांच, आवश्यक दवाएं, बेहतर उपचार उपलब्ध कराना अस्पताल प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने हाथी के हमले में घायल मरीजों से भी मुलाकात की। वे सदर अस्पताल में इलाज करा रहे थे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी चिकित्सकों से ली। उन्होंने अब तक हुए उपचार की जानकारी भी ली। गंभीर स्थिति को देखते हुए विधायक ने घायलों को बेहतर, उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की। विधायक की पहल पर हाथी हमले में घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजने के लिए लाइनअप कराया गया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार मिल सकेगा। विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी ने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि मरीजों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सिमडेगा जैसे जिले में सदर अस्पताल बड़ी संख्या में लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में अस्पताल में आने वाले गरीब, जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा के अलावा अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Source link