भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

आज से झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र:खनिज सेस और SIR...




झारखंड में खनिज सेस की वसूली पर केंद्र की रोक और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर केंद्र व राज्य सरकार के बीच चल रही तनातनी अब विधानसभा तक पहुंच गई है। इन दोनों मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए आज से झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र शुरू होगा। सत्र में राज्य के वित्तीय हितों, संघीय ढांचे और मतदाताओं के अधिकारों पर चर्चा होगी। सरकार एसआईआर के विरोध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजने की तैयारी में है। वहीं, खनिज सेस पर केंद्र के फैसले से राज्य को होने वाले संभावित नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। दूसरी ओर, विपक्ष केंद्र के फैसले को उचित ठहरा रहा है। ऐसे में सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। खनिज सेस : सालाना 15 हजार करोड़ तक का नुकसान केंद्र सरकार ने 18 अगस्त को खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन (एमएमडीआर) संशोधन अधिनियम लागू कर राज्यों द्वारा खनिज पर सेस वसूली पर रोक लगा दी है। हालांकि, झारखंड सरकार ने इस फैसले को स्वीकार नहीं किया है और वसूली जारी रखी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अक्टूबर 2024 से राज्य खनिज पर सेस वसूल रहा है। इससे हर महीने औसतन एक हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व मिल रहा है। राज्य सरकार का आकलन है कि वसूली बंद होने पर सालाना 12 से 15 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिज रॉयल्टी से 11,359 करोड़ और सेस से 7,488 करोड़ रुपए मिले थे। चालू वित्तीय वर्ष में 19 नवंबर तक रॉयल्टी से 8,013 करोड़ और सेस से 7,629 करोड़ रुपए की प्राप्ति हो चुकी है। इसके बावजूद राजस्व लक्ष्य हासिल करना चुनौती बना हुआ है। 1.36 लाख करोड़ रुपए के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले 31 अक्टूबर तक 65 हजार करोड़ रुपए यानी 47.79 प्रतिशत राजस्व ही जुट पाया है। एसआईआर में 33 लाख मतदाताओं के नाम कटने का अनुमान विशेष सत्र का दूसरा प्रमुख मुद्दा एसआईआर है। झारखंड में पुनरीक्षण शुरू होने से पहले करीब 2.64 करोड़ मतदाता थे। पांच अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 2.21 करोड़ रह गई थी। इस तरह शुरुआती चरण में 43.61 लाख नाम कम हुए। 23 नवंबर तक के आकलन के अनुसार, 22 दिसंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम सूची में नौ से दस लाख नए नाम जुड़ने के बावजूद करीब 33 लाख नाम कम होने की आशंका है। सत्तारूढ़ गठबंधन इसे महज प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आदिवासी, ग्रामीण और कमजोर वर्ग के मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा मान रहा है। सरकार को आशंका है कि संथाल परगना, कोल्हान और दक्षिण छोटानागपुर के आदिवासी इलाकों में पुराने दस्तावेजों की कमी, प्रवासी मजदूरों की अनुपस्थिति और अल्पसंख्यक मतदाताओं के विवरण में अंतर के कारण बड़ी संख्या में नाम कट सकते हैं। इससे विधानसभा क्षेत्रों के चुनावी समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं। झामुमो, कांग्रेस और राजद ने खोला मोर्चा एसआईआर के विरोध में सत्तारूढ़ गठबंधन के तीनों दलों ने अपनी आपत्तियां उठाई हैं। झामुमो का कहना है कि आदिवासी गांवों में जन्म प्रमाणपत्र, वंशावली और जमीन के पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हैं। विधायक कल्पना सोरेन ने सवाल उठाया है कि जिनका इतिहास लिखित रिकॉर्ड से भी पुराना है, वे आवश्यक दस्तावेज कहां से लाएंगे। कांग्रेस ने पुनरीक्षण प्रक्रिया में समय और सुनवाई की अवधि पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सुनवाई की अवधि 30 दिन बढ़ाने की मांग की है। पार्टी का तर्क है कि दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के कारण कई लोग समय पर दस्तावेज जमा नहीं कर सके। वहीं, राजद ने दलितों, पिछड़ों और दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूरों के मताधिकार पर चिंता जताई है। पार्टी ने प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और नाम हटाने से पहले पर्याप्त समय देने की मांग की है। अब विशेष सत्र में इन आपत्तियों और मांगों के आधार पर सरकार केंद्र के सामने अपना पक्ष रखेगी।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top