Last Updated:
Palamu Free Training: पलामू में युवाओं को सेना और अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए मुफ्त ट्रेनिंग दी जा रही है. दुबियाखांड के चुकरू गांव में फिजिकल और लिखित परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है. एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से इसकी शुरुआत हुई है.
पलामू. पलामू जिले में अधिकांश बच्चे पारा मिलिट्री फोर्स का सपना देखते हैं. अगर आपका सपना भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना या फिर सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी जैसी अर्धसैनिक बलों में नौकरी करने का है, लेकिन महंगी कोचिंग आपकी राह में बाधा बन रही है, तो पलामू में आपके लिए सुनहरा मौका है. जिले के दुबियाखांड स्थित चुकरू गांव में युवाओं को पूरी तरह निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है. यहां न सिर्फ फिजिकल ट्रेनिंग कराई जाती है, बल्कि लिखित परीक्षा की भी तैयारी कराई जाती है. सबसे खास बात यह है कि ड्रेस, किताबें और फिजिकल ट्रेनिंग किट भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जाती हैं.
सुबह 5 बजे से शुरू होती है तैयारी
बता दें कि ट्रेनिंग सेंटर में रोज सुबह 5 बजे से 7 बजे तक नियमित फिजिकल ट्रेनिंग होती है. इसमें दौड़, स्टैमिना बिल्डिंग, एक्सरसाइज, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग और भर्ती प्रक्रिया के अनुरूप अन्य शारीरिक अभ्यास कराए जाते हैं. इसके बाद अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए थ्योरी क्लास भी दी जाती है, ताकि वे भर्ती के हर चरण के लिए तैयार हो सकें.
लड़के और लड़कियां दोनों ले रहे हैं प्रशिक्षण
बता दें कि इस प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण क्षेत्र के लड़के और लड़कियां दोनों बड़ी संख्या में हिस्सा ले रहे हैं. संसाधनों की कमी के बावजूद युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल लगातार आगे बढ़ रही है. कई अभ्यर्थी नियमित रूप से प्रशिक्षण लेकर सेना में भर्ती होने के अपने सपने को साकार करने में जुटे हैं.
रिटायर्ड एक्स-आर्मी जवान दे रहे मार्गदर्शन
प्रशिक्षक एवं रिटायर्ड एक्स-आर्मी जवान विकास तिवारी ने लोकल18 को बताया कि यह प्रशिक्षण केंद्र पिछले छह महीने से अधिक समय से संचालित हो रहा है. उनका कहना है कि यहां युवाओं को सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाया जाता, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना भी विकसित की जाती है. उनका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को सही दिशा देकर सेना और अर्धसैनिक बलों में करियर बनाने के लिए तैयार करना है.
एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से संचालित पहल
यह निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से एडेट संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा है. संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बिना किसी आर्थिक बोझ के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है. पलामू के युवाओं के लिए यह केंद्र आज उम्मीद का नया ठिकाना बन चुका है, जहां मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर वर्दी पहनने का सपना साकार किया जा रहा है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …
और पढ़ें